कीचड़ और जलभराव से बढ़ा खतरा, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई नालियों की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। मंडी–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर पधर से बिजनी तक निर्माणाधीन फोरलेन परियोजना के कार्यों को लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क पर फैले कीचड़ और जलभराव के बीच बाइक सवार 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गिरने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों कुलदीप, रमेश, सुनीता सहित अन्य का कहना है कि फोरलेन निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर लगातार पानी जमा हो रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से सड़क पर फैले कीचड़ और जलभराव की समस्या के तत्काल समाधान, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।