संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। चैत्र नवरात्र की अष्टमी और नवमी पर प्रसिद्ध दुर्गा माता मंदिर हाटकोटी में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी। तड़के से ही माता के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दिनभर लगी रहीं। स्थानीय लोगों के साथ बाहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाया। मंदिर में विधि-विधान के साथ माता रानी की आराधना की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जय माता दी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। मंदिर के बाहर अस्थायी बाजार भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां पूजा सामग्री, खिलौने, प्रसाद और स्थानीय उत्पादों की दुकानें सजी हुई थीं। श्रद्धालुओं ने खरीदारी का भी भरपूर आनंद लिया, जिससे बाजार में पूरे दिन रौनक बनी रही। इस अवसर पर सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने भंडारे का आयोजन किया। हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए थे। पुलिस कर्मी जगह-जगह तैनात रहे और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाए गए। इसके अलावा सफाई और पेयजल की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम गुरमीत नेगी ने कहा कि अष्टमी के इस पावन अवसर पर हाटकोटी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था ने एक बार फिर इस धार्मिक स्थल की महत्ता बढ़ाई है। उन्होंने कहा भारी भीड़ के बाद भी लोगों ने श्रद्धापूर्वक दर्शन किए हैं।

अष्टमी के दिन हाटकोटी मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी श्रदालुओं की भीड़

अष्टमी के दिन हाटकोटी मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी श्रदालुओं की भीड़