मानसिक स्वास्थ्य पर व्याख्यान का भी किया आयोजन
आनी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी में मंगलवार को एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसके बाद मानसिक स्वास्थ्य पर एक व्याख्यान का भी आयोजन किया गया। महाविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित शिविर में स्वास्थ्य जांच के अलावा छात्राओं को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के बारे में जागरूक किया गया। शिविर में महाविद्यालय की 120 छात्राओं का हीमोग्लोबिन, शुगर और ब्लड प्रेशर जांचा गया। आनी महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने बताया कि महाविद्यालय महिला प्रकोष्ठ की ओर से प्रत्येक सत्र में महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाता है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य जांच शिविर के साथ महाविद्यालय के मेंटल हैल्थ काउंसलिंग सैल की ओर से मानसिक स्वास्थ्य पर एक व्याख्यान भी आयोजित किया गया। डॉ. अक्षय जमवाल ने छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य हमारे स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति तनाव और कठिन परिस्थितियों का सामना बेहतर ढंग से कर सकता है और अपने जीवन में संतुलन बनाए रख सकता है। इस मौके पर सिविल अस्पताल आनी की मेडिकल टीम ने डॉ. अक्षय जमवाल की अगुवाई में छात्राओं का स्वास्थ्य जांचा। इस मौके पर एफएचओ मीरा देवी, सीएचओ रागिनी ठाकुर, सीएचओ दिव्या, आशा वर्कर ओमा देवी, महिला प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ. संगीता नेगी, डॉ. पुष्पा गुलेरिया, प्रो. सीमा, प्रो. पंपी घमाटा, प्रो. राधिका, डॉ. निर्मल सिंह, प्रो. अशोक, डॉ. धनप्रकाश सहित अन्य मौजूद रहे।