ऊना में बड़ी कार्रवाई: एसटीएफ ने 1 किलो 5 ग्राम चिट्टे के साथ 3 आरोपी पकड़े; कांगड़ा में 1.792 किलो चरस पकड़ी
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में पुलिस की एंटी चिट्टा एसटीएफ टीम ने एक किलो पांच ग्राम चिट्टा पकड़ा है। एसटीएफ ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में नशे पर शिकंजा कसते हुए अब तक की सबसे बड़ी चिट्टे की खेप पकड़ी गई है। जिला ऊना में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 1.005 किलोग्राम चिट्टे (हेरोइन) सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसकी कीमत करीब तीन करोड़ आंकी जा रही है। पुलिस को यह सफलता शनिवार देर रात संतोषगढ़ क्षेत्र में लगाए नाके के दौरान मिली। वहीं कांगड़ा जिले में 1.792 किलो चरस के साथ बाइक सवार दो लोग गिरफ्तार किए हैं।
ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेनू कुमारी (एसटीएफ, नॉर्दर्न रेंज कांगड़ा) टीम सहित क्षेत्र में गश्त पर थीं। उन्हें सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार (एचपी 20 जे 6570) में सवार तीन व्यक्ति चिट्टा लेकर टाहलीवाल से संतोषगढ़ की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने संतोषगढ़ के वार्ड-1 में शिव मंदिर के पास शनिवार देर रात 10:50 बजे संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली।
प्रदेश में पकड़ी अब तक की सबसे बड़ी चिट्टे की खेप
ऊना में प्रदेश में अब तक की चिट्टे की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई है। इससे पहले 24 मार्च को शिमला में 288 ग्राम, 30 अप्रैल को कांगड़ा के गगल में बस से एक 13 वर्षीय लड़के से 130.48 ग्राम और 29 सितंबर 2025 को बिलासपुर में 518 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए थे।
