Manipur: 'पुलिस के साथ करें सहयोग', राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए DGP मुकेश सिंह की जनता से अपील
मणिपुर के डीजीपी ने जनता से राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील है। उन्होंने कहा कि आप पुलिस के साथ सहयोग करें। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को हर मामले को निष्पक्ष तरीके से निपटाने का निर्देश दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मणिपुर के डीजीपी मुकेश सिंह ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। इसके साथ ही सभी के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में पुलिस के साथ सहयोग करने को कहा है। उन्होंने रविवार को कांगपोकपी और सेनापति जिलों की अपनी पहली यात्रा के दौरान कुकी और नागा नागरिक समाज संगठनों के साथ बातचीत में यह टिप्पणियां कीं।
वरिष्ठ अधिकारियों से की बात
डीजीपी को मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति, सुरक्षा उपायों और पुलिस की प्रमुख उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया, 'उन्होंने जिला पुलिस बलों के समग्र कामकाज और परिचालन तैयारियों की भी समीक्षा की।' सिंह ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कमांडरों के साथ भी बातचीत की।
'हर मामले को निष्पक्ष तरीके से निपटाएं'
रविवार शाम को पत्रकारों से बात करते हुए सिंह ने कहा, 'पुलिसकर्मियों को मेरा निर्देश है कि वह हर मामले को निष्पक्ष तरीके से निपटाएं। कानून के किसी भी उल्लंघन से गंभीरता से निपटा जाएगा।' उन्होंने दोहराया कि पुलिस बिना किसी डर या पक्षपात के निष्पक्ष रूप से लोगों की सेवा करना जारी रखेगी।
डीजीपी का कांगपोकपी और सेनापति का दौरा ऐसे समय में हुआ है जब संदिग्ध सशस्त्र समूहों द्वारा कथित तौर पर कम से कम 20 लोगों को बंधक बनाए जाने के बाद नागा और कुकी समुदायों के बीच तनाव बना हुआ है और उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।मणिपुर में मई 2023 से लेकर अब तक मैतेई और कुकी समुदायों के बीच हुई हिंसा में कम से कम 260 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग विस्थापित हो गए।