Tamil Nadu: अभिनेता विजय का दो हलफनामों में संपत्ति के अलग ब्योरे, सौ करोड़ का अंतर, चेन्नई हाईकोर्ट का नोटिस
तमिलनाडु चुनाव से पहले अभिनेता विजय के हलफनामों में संपत्ति अंतर को लेकर चेन्नई हाईकोर्ट ने विजय, चुनाव आयोग और आयकर विभाग को नोटिस जारी किया, अगली सुनवाई जवाब के बाद होगी।
विस्तार
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रत्याशी लगातार मेहनत कर रहे हैं। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में अभिनेता विजय की है। लेकिन चेन्नई उच्च न्यायालय ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी है। न्यायालय ने दायर चुनावी हलफनामों में कथित विसंगतियों के लिए विजय, भारतीय चुनाव आयोग और आयकर विभाग को नोटिस जारी किया है। यह याचिका वी. विग्नेश नामक एक याचिकाकर्ता ने दायर की है
याचिकाकर्ता का आरोप
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि विजय के फॉर्म 26 हलफनामों में असंगत खुलासे हैं। तिरुची पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से दायर हलफनामे में चल संपत्ति का मूल्य 224 करोड़ रुपये घोषित किया गया था, जबकि पेरंबूर निर्वाचन क्षेत्र से दायर हलफनामे में यह मूल्य 105 करोड़ रुपये दर्शाया गया। याचिका में कहा गया है कि 100 करोड़ रुपये से अधिक का यह अंतर पेरंबूर हलफनामे में नहीं बताया गया। न्यायालय ने इस पर संज्ञान लेते हुए मौखिक रूप से टिप्पणी की कि इतनी बड़ी भिन्नता एक अनियमितता है। मामले की अगली सुनवाई प्रतिवादियों के जवाब दाखिल करने के बाद होगी।
विजय 2024 में अपनी पार्टी, तमिलगा वेट्री कजगम, लॉन्च करने के बाद 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में अपनी चुनावी शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने चेन्नई के पेरंबूर और तिरुची पूर्व, दो निर्वाचन क्षेत्रों से नामांकन दाखिल किया है। याचिकाकर्ता वी. विग्नेश ने उनके हलफनामों में विसंगतियों का आरोप लगाया है। उच्च न्यायालय ने इस मामले में चुनाव आयोग और आयकर विभाग को भी नोटिस जारी किया है।
