अमेरिका के इंडियाना में बाढ़ से तबाही: 70 लोगों का रेस्क्यू और एक महिला की मौत, मौसम विभाग ने क्या चेतावनी दी?
अमेरिका के इंडियाना में भारी बारिश के बाद व्हाइट रिवर का पानी तेजी से बढ़ गया है। इंडियानापोलिस और आसपास के इलाकों में दर्जनों लोगों और उनके पालतू जानवरों को बाढ़ के पानी से निकाला गया। अधिकारियों ने लोगों से घर खाली करने की अपील की। एक महिला की बाढ़ में मौत की आशंका है। ऐसे में सवाल है कि क्या बारिश और बढ़ते जलस्तर से हालात और गंभीर होंगे। आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंडियाना में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने बड़े इलाके में संकट पैदा कर दिया है। इंडियानापोलिस में व्हाइट रिवर का पानी लगातार बढ़ रहा है और दर्जनों लोगों को बाढ़ वाले इलाकों से सुरक्षित निकाला गया है। प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों से घर खाली करने को कहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह सामान्य बाढ़ नहीं बल्कि कई दशकों में देखी गई बेहद गंभीर बाढ़ में से एक है।
कितने लोगों को बाढ़ के पानी से बचाया गया?
इंडियानापोलिस फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता रीटा रीथ के अनुसार, शनिवार दोपहर तक करीब 70 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका था। कई लोगों के साथ उनके पालतू जानवरों को भी बाढ़ के पानी से बाहर निकाला गया। बचाव अभियान में नेशनल गार्ड के वाहन भी लगाए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि पानी अभी बढ़ रहा है और आने वाले समय में और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की जरूरत पड़ सकती है।
बाढ़ से अब तक कितना नुकसान हुआ?
बाढ़ का सबसे ज्यादा असर हैमिल्टन काउंटी से इंडियानापोलिस के उत्तरी उपनगरों तक व्हाइट रिवर के आसपास के इलाकों में देखा गया है। डेलावेयर काउंटी में शुक्रवार को शेरिफ के जवानों को 58 वर्षीय महिला का शव मिला। अधिकारियों को आशंका है कि महिला की मौत बाढ़ के पानी से गुजरने की कोशिश के दौरान हुई। कई इलाकों में सड़कें और चौराहे पानी में डूब गए हैं। लोगों ने पानी में फंसी गाड़ियों और तेज बहाव के कारण गिरते बिजली के खंभे के वीडियो भी साझा किए हैं।
क्या बारिश और बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है?
- मौसम विभाग ने मध्य इंडियाना के बड़े हिस्से में अचानक बाढ़ की चेतावनी और निगरानी जारी की है। मौसम विशेषज्ञों ने शनिवार को भी कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ तूफान आने की संभावना जताई। वॉरेन काउंटी में छह घंटे के दौरान करीब दो इंच बारिश दर्ज की गई।
- अनुमान था कि व्हाइट रिवर शनिवार शाम इंडियानापोलिस इलाके में अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचेगी। इंडियाना के गवर्नर माइक ब्रॉन ने राहत और बचाव के लिए संघीय संसाधन उपलब्ध कराने के मकसद से राष्ट्रपति से आपात स्थिति घोषित करने का अनुरोध किया है।
- इससे पहले सप्ताह में अमेरिका के मिडवेस्ट के कई हिस्सों में भीषण तूफान, बवंडर, भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने नुकसान पहुंचाया था। इसका असर शिकागो इलाके से लेकर पश्चिमी पेनसिल्वेनिया तक देखा गया।
प्रशासन ने लोगों से घर खाली करने को क्यों कहा?
इंडियानापोलिस के मेयर जो हॉगसेट ने शनिवार को आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ स्थिति की जानकारी दी और नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित जगह जाने की अपील की। इससे एक दिन पहले उन्होंने स्थानीय आपात स्थिति घोषित की थी। लगातार भारी बारिश के कारण मध्य इंडियाना की छोटी नदियों और नालों का पानी भी तेजी से बढ़ गया। अधिकारियों ने लोगों से बाढ़ की चेतावनियों को गंभीरता से लेने और बढ़ते पानी के बीच बाहर नहीं निकलने को कहा है।