पाकिस्तान का नया हथकंडा फेल: पुंछ के दिगवार में ड्रोन घुसपैठ की कोशिश रही नाकाम, सेना ने फायरिंग कर खदेड़ा
पुंछ के दिगवार सेक्टर में पाकिस्तान से तीन छोटे ड्रोन घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे, जिसे भारतीय सेना ने फायरिंग कर नाकाम किया। पाकिस्तान ड्रोन के जरिए आतंकियों तक हथियार, पैसा और नशीला पदार्थ पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
विस्तार
पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सीमा पार से रविवार को एक बार फिर पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास दिगवार सेक्टर में ड्रोनों की घुसपैठ कराने का प्रयास किया। सेना के जवानों ने गोलीबारी कर ड्रोनों को वापस सीमा पार खदेड़ दिया।
सेना के प्रवक्ता ने एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है। प्रवक्ता ने लिखा कि सुबह करीब छह बजे दिगवार में पाकिस्तान से करीब तीन छोटे ड्रोनों को घुसपैठ करते हुए देखा गया। जवानों ने ड्रोनों को गिराने के लिए तुरंत फायरिंग की। इसके बाद ड्रोन थोड़ी देर मंडराने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में भाग गए।
ड्रोनों को खदेड़ने के बाद जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। यह पता लगाने की कोशिश की गई कि ड्रोनों से कहीं कोई हथियार या नशीला पदार्थ तो नहीं गिराया गया है। पांच किलोमीटर दूर पुंछ नगर और आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई। देर रात सुरक्षाबलों ने गश्त की। नाके लगाकर वाहनों की जांच भी की गई।
तीन दिन में दूसरी बार घुसपैठ की कोशिश:
पुंछ के दिगवार सेक्टर में तीन दिन में पाकिस्तान ड्रोन की घुसपैठ की कोशिश की यह दूसरी घटना है। इससे पहले शुक्रवार को भी ड्रोन ने इसी क्षेत्र में घुसपैठ की थी। उसे भी सेना ने गोलीबारी कर खदेड़ दिया था। बता दें कि एक जनवरी को तड़के पुंछ के करमाड़ा में ड्रोन से हथियार, नशीला पदार्थ और विस्फोटक गिराए गए थे। उसके बाद 15 जनवरी को ड्रोन की घुसपैठ को सेना ने नाकाम कर दिया था।
आतंकवाद के पोषण के लिए हथियार, पैसा और नशा पहुंचाने के लिए ड्रोन घुसपैठ
पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को पोषित करने के लिए नई साजिश रची है। अब सीमा पर सख्त पहरा होने से करीब दो वर्षों से आतंकियों तक हथियार, पैसा व नशा पहुंचाने के लिए ड्रोन घुसपैठ करवा रहा है। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान पहले आतंकियों तक हथियार, गोला-बारूद व पैसा पहुंचाने के लिए गोलाबारी की आड़ में घुसपैठ कराता था।
ऑपरेशन सिंदूर में मुंह की खाने के बाद पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर ड्रोन बनाए हैं। अब पाकिस्तान की तरफ से एक समय में एक साथ जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग भागों में ड्रोन की घुसपैठ की कोशिश कराई जा रही है। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान ने घुसपैठ के लिए कम लागत में ड्रोन तैयार किए हैं लेकिन भारतीय सेना इन्हें मार कर या खदेड़ कर दुश्मन की साजिशों को लगातार नाकाम कर रही है।
बिलावर में दिखे दो हथियारबंद संदिग्ध, पुलिस ने इलाका घेरा
कठुआ जिले के बिलावर उपमंडल की अगली धार पंचायत में रविवार सुबह दो हथियारबंद संदिग्ध देखे गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, एक स्थानीय महिला ने सुबह बरवरी रियान से सटे तलेन नाले के पास दो संदिग्ध देखे। दोनों के पास हथियार देखकर महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुबह नौ बजे से शुरू हुआ अभियान शाम छह बजे जारी था। आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार आतंकियों का पहाड़ी इलाकों की तरफ जाने के लिए भीनी क्षेत्र और उज्ज से सटे बरसाती नाले पुराना रूट रहे हैं। इन्हीं रास्तों से होकर आतंकी कठुआ जिले के पहाड़ी क्षेत्रों से होकर डोडा जिले की तरफ जाते हैं। पिछले वर्ष भी इसी इलाके में संदिग्ध देखे गए थे। वे सुरक्षाबलों को चकमा देकर भाग गए थे।
अगली धार के लोगों ने प्रशासन से उज्ज दरिया के पंजतीर्थी से तलेन नाले को जोड़ने वाले मुख्य रास्तों पर पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार संदिग्ध नाले के इसी रास्ते से जाते हुए देखे गए हैं। इसके चलते शाम ढलने के बाद लोगों ने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है। इसलिए इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है।