अनंतनाग में नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार: छह आरोपी गिरफ्तार, तीन एफआईआर दर्ज, चरस और ब्राउन शुगर बरामद
अनंतनाग पुलिस ने तीन अलग-अलग ऑपरेशनों में कार्रवाई करते हुए 6 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में गांजा, चरस व ब्राउन शुगर बरामद की।
विस्तार
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते अनंतनाग पुलिस ने तीन अलग-अलग ऑपरेशनों में छह लोगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 3.7 किलो से ज्यादा नशीला पदार्थ और 10,450 रुपये जब्त किए गए।
अधिकारियों के अनुसार डांटर में नाका चेकिंग के दौरान अनंतनाग शहर की ओर आ रहे चार लोगों की तलाशी में 3.178 किलो गांजा और 10,450 रुपये बरामद हुए। आरोपियों शब्बीर कयूम निवासी चीनी चौक अनंतनाग, जाहिद मंजूर निवासी हसनपोरा बाग और फैजान लोन निवासी मीर-डांटर अनंतनाग को काबू कर लिया गया। एक अन्य आरोपी गौहर रेशी निवासी डांटर भाग निकला। प्राथमिकी दर्ज की गई है। मरहामा क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग के दौरान पीपी संगम की टीम ने कार को रोका।
गाड़ी की तलाशी में 3.29 ग्राम ब्राउन शुगर और 7.88 ग्राम चरस बरामद हुई। इसमें सवार मो. तुफैल हाजम और मुश्ताक अहमद खांडे दोनों निवासी बडीपोरा चदूरा को गिरफ्तार कर लिया गया। दूधनाद वाघामा में नाका चेकिंग के दौरान जावेद अहमद मंटू निवासी वाघामा बिजबिहाड़ा को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 468 ग्राम चरस बरामद की गई। अधिकारियों ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
त्राल में एक आरोपी गिरफ्तार
त्राल पुलिस ने आरोपी आशिक हुसैन भट निवासी रत्सूना, से 50 ग्राम चरस और 125 ग्राम चरस पाउडर बरामद किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर त्राल थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुपवाड़ा में केमिस्ट दुकानों पर चलाया जांच अभियान: पुलिस ने रविवार को केमिस्ट दुकानों पर जांच की। स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, ड्रग लाइसेंस व दवा भंडारण की स्थिति को जांचा गया। बिना वैध पर्चे के दवाओं की बिक्री पर नजर रखी गई। एक्सपायरी और प्रतिबंधित दवाओं की भी जांच की गई। संवाद
पुलिस ने दुकानदारों को रिकॉर्ड सही तरीके से बनाए रखने और निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए जागरूक किया।
