बारह साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या: भंडारा खाने गया था, हत्यारा बोला- मारने का मन किया तो मार दिया
पुलिस के मुताबिक प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पहले भी क्षेत्र के लोगों के साथ झगड़ा और परेशान करता रहा है। उसने पुलिस को अभी तक बताया है कि उसको मारने का मन किया और मार दिया। हत्या के मकसद की जांच जारी है।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के कठुआ स्थित हीरानगर के कान्हाचक इलाके में एक 12 वर्षीय बालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने हत्यारोपी को वारदात के एक घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है। हालांकि हत्या का मकसद और अन्य पहलुओं की जांच फिलहाल जारी है।
भंडारा खाने गया था बालवीर
दोपहर डेढ़ बजे के लगभग उस समय सनसनी फैल गई जब मढ़ीन के कान्हाचक इलाके में 12 वर्षीय बालवीर पुत्र सोहन लाल का खून से लथपथ शव लोगों ने सड़क किनारे पड़ा देखा। बालवीर स्कूल से आने के बाद साइकिल लेकर घर से निकला था। घर में और दोस्तों को बताकर गया कि पास में ही महाशिवरात्रि का भंडारा है वहीं जा रहा है।
हत्यारोपी गिरफ्तार
इसके कुछ ही देर बाद परिवार को उसकी हत्या की जानकारी मिल गई। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। राजबाग थाना प्रभारी सुशील शर्मा, एसडीपीओ बॉर्डर, एसपी आप्रेशंस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। चूंकि इलाका सीमावर्ती क्षेत्र के नजदीक था और संदिग्धों की मूवमेंट को लेकर अलर्ट जारी था। ऐसे में पुलिस भी सतर्क थी और हर पहलु पर गंभीरता से काम कर रही थी। प्राथमिक जांच और परिवार से पूछताछ के बाद गांव के ही एक 20 वर्षीय युवक से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो कड़ियां खुलती नजर आईं। पुलिस ने आरोपी मनीष को गिरफ्तार करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
20 दिन पहले परिवार का आरोपी से हुआ था झगड़ा
मृतक के पिता के अनुसार 15 से 20 दिन पहले उनका हत्यारोपी के साथ झगड़ा हुआ था। आरोप है कि रंजिश के चलते उसने 12 वर्षीय बालक को मौत के घाट उतार दिया। उधर, मौके पर पहुंची एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने बताया कि पुलिस को डेढ़ बजे के लगभग पता चला कि पांचवीं कक्षा के बच्चे बालवीर की हत्या हो गई है। आरोपी को कुछ ही घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की जांच जारी है। हत्या के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।
आरोपी बोला-मारने का मन किया तो मार दिया
पुलिस के मुताबिक प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पहले भी क्षेत्र के लोगों के साथ झगड़ा और परेशान करता रहा है। उसने पुलिस को अभी तक बताया है कि उसको मारने का मन किया और मार दिया। हत्या के मकसद की जांच जारी है। एसएसपी ने बताया कि हत्या और गला रेतने में इस्तेमाल हथियार को भी पुलिस जल्द बरामद कर लेगी। बताया कि आरोपी 20 साल का है। अभी तक हत्या के मामले में तो नहीं लेकिन लड़ाई झगड़ों में यह शामिल रहा है।