Amarnath Yatra 2026: बारिश के बाद पटरी पर लौटी अमरनाथ यात्रा, हाईवे खुलते ही श्रद्धालुओं का काफिला रवाना
लगातार बारिश के कारण दो दिन तक बंद रहे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के आंशिक रूप से बहाल होने के बाद रविवार को 3,886 श्रद्धालुओं का नया जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू से रवाना हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लगातार बारिश के कारण दो दिन तक बंद रहे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के आंशिक रूप से बहाल होने के बाद रविवार तड़के अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई। भगवती नगर आधार शिविर से 3,886 श्रद्धालुओं का 25वां जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 177 वाहनों के काफिले में बालटाल के लिए रवाना हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, जम्मू से यात्रा शनिवार को राजमार्ग पर उधमपुर के झखानी से लेकर रामबन के बनिहाल तक कई स्थानों पर भारी बारिश से हुए नुकसान के कारण एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई थी। अब सबसे अधिक प्रभावित उधमपुर के समरोली स्थित देवाल पुल क्षेत्र में सड़क को एक तरफ से यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है, जिससे यात्रा दोबारा शुरू हो सकी।
हालांकि, राजमार्ग पर मरम्मत का काम अभी भी जारी है। फिलहाल हल्के वाहनों को जम्मू से कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी गई है, जबकि काजीगुंड से जम्मू की ओर यातायात अमरनाथ यात्रा का काफिला गुजरने के बाद बहाल किया जाएगा। वहीं, भारी वाहनों की आवाजाही फिलहाल एक दिन छोड़कर एक दिन की व्यवस्था के तहत होगी।
यातायात पुलिस ने अगले कुछ दिनों के लिए मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए यात्रियों और आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले सड़क और यातायात की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें।
इस बीच, उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने शनिवार को समरोली स्थित देवाल पुल क्षेत्र का दौरा कर सड़क बहाली कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा भारी मशीनों की मदद से चल रहे मलबा हटाने और मरम्मत कार्य की समीक्षा की तथा अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क को पूरी तरह चालू करने के निर्देश दिए।