Ranchi News: कोलियरी खदान से एक बार फिर हुआ केबल लूट, 15 हजार की अबादी पर गहरा सकता है जलसंकट
Jharkhand: धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र में रामकनाली ओपी अंतर्गत बीसीसीएल एरिया-4 के रामकनाली कोलियरी में अपराधियों ने रात में 600 फिट केबल काटकर चोरी कर ली। जानकारी के मुताबिक खदान के मुख्य द्वार को काटकर अपराधी खदान में घुसे और खदान में मौजूद सभी कर्मियों से खदान में उपयोग होने वाले कैपलैम्प छीनकर उन्हें बंधक बना लिया।
विस्तार
धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के रामकनाली ओपी अंतर्गत बीसीसीएल एरिया-4 के रामकनाली कोलियरी से एक बार फिर लूट की खबर सामने आई है। बीती रात अपराधियों ने खदान में धावा बोलकर लगभग 600 फिट केबल काटकर ले गए। इस घटना से न केवल खदान कर्मियों में दहशत फैल गई है, बल्कि आसपास के करीब 15 हजार लोगों की जल आपूर्ति पर भी खतरा मंडरा रहा है।
खदान के मुख्य द्वार को काटकर घुसे अपराधी
जानकारी के मुताबिक, खदान के मुख्य द्वार को काटकर अपराधी खदान में घुसे और खदान में मौजूद सभी कर्मियों से खदान में उपयोग होने वाले कैपलैम्प छीनकर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने खदान में लगे लाखों रुपये मूल्य के केबल काटकर अपने साथ ले गए। इसी दौरान खदान की टेलीफोन लाइन भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। घटना की जानकारी तब मिली जब खदान के कर्मचारी तय समय पर काम खत्म कर बाहर नहीं निकले। खदान के इंचार्ज ने मौके पर जाकर बंधक बने कर्मचारियों को बाहर निकाला और मामले की सूचना बीसीसीएल अधिकारियों को दी।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
रामकनाली ओपी की घटना स्थल से केवल कुछ ही दूरी पर होने के बावजूद भी अपराधी आसानी से खदान में दाखिल हो गए, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं के कारण खदान कर्मियों में डर और चिंता बढ़ गई है। कुछ कर्मी अब खदान में ड्यूटी करने से भी कतरा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: जमशेदपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई, 5 लाख की रिश्वत लेते बड़ा बाबू और दलाल गिरफ्तार
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
स्थानीय बीसीसीएल प्रबंधन को सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीआईएसएफ की तैनाती सहित अन्य ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और क्षेत्र की जलापूर्ति बाधित न हो। अधिकारियों ने बताया कि मामले की लिखित सूचना रामकनाली थाना में दर्ज कर दी गई है और जांच प्रक्रिया जारी है। इस वारदात ने स्थानीय प्रशासन और खदान प्रबंधन दोनों के सामने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.