{"_id":"69a2b4433be625e7e50ea3aa","slug":"jharkhand-police-protest-after-lawyer-police-dispute-perform-duty-wearing-black-badges-for-three-days-ranchi-news-c-1-1-noi1475-4001177-2026-02-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jharkhand News: तीन दिन काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करेगी झारखंड पुलिस, जानें क्या है पूरा मामला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jharkhand News: तीन दिन काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करेगी झारखंड पुलिस, जानें क्या है पूरा मामला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: राँची ब्यूरो
Updated Sat, 28 Feb 2026 06:29 PM IST
विज्ञापन
सार
रांची में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने 28 फरवरी से 2 मार्च तक काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करने का फैसला लिया है। मामला झारखंड उच्च न्यायालय परिसर में डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद के साथ कथित अभद्र व्यवहार से जुड़ा है।
काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करते झारखंड पुलिस के जवान
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
रांची में झारखंड पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच हालिया विवाद के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने 28 फरवरी से 2 मार्च तक काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करने का फैसला लिया है। यह निर्णय डोरंडा थाना प्रभारी के साथ कथित अभद्र व्यवहार की घटना के विरोध में लिया गया है। एसोसिएशन ने इसे पूरे पुलिस बल के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।
Trending Videos
हाईकोर्ट परिसर में हुई घटना
एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि झारखंड उच्च न्यायालय परिसर में डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद के साथ हुई कथित घटना निंदनीय है। उनके अनुसार यह सिर्फ एक महिला अधिकारी का मामला नहीं है, बल्कि पूरे पुलिस विभाग की गरिमा से जुड़ा सवाल है।
विज्ञापन
विज्ञापन
कार घसीटने का वीडियो और प्राथमिकी
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता मनोज टंडन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी कार के बोनट पर एक व्यक्ति को घसीटा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की और कार को जब्त कर लिया। पुलिस एसोसिएशन का आरोप है कि जब्त वाहन को छुड़ाने के लिए थाना प्रभारी पर दबाव बनाया गया। साथ ही, मामला अदालत में पहुंचने के बाद भी न्यायालय को गुमराह करने की कोशिश की गई।
थाना प्रभारी को घेरने और धमकी का आरोप
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जब थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद हाईकोर्ट पहुंचीं तो वहां मौजूद कुछ अधिवक्ताओं ने उन्हें घेर लिया और कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। उनके साथ वर्दी उतरवाने और जेल भेजने जैसी धमकियां देने तथा पुलिस बल के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द कहने का भी आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन ने कहा कि न्यायालय जैसी गरिमामयी जगह पर इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।
तीन दिन शांतिपूर्ण विरोध
घटना के बाद रांची जिला शाखा की आकस्मिक बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से तय किया गया कि शांतिपूर्ण विरोध के रूप में 28 फरवरी से 2 मार्च तक पुलिसकर्मी काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करेंगे।
जब्त कार को किया गया मुक्त
वहीं शुक्रवार देर शाम जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिवक्ता की जब्त कार को डोरंडा थाने से छोड़ दिया गया।
काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करेंगे जवान
इस पूरे विवाद के बीच झारखंड पुलिस के जवान तय कार्यक्रम के अनुसार तीन दिन तक काला बिल्ला लगाकर अपनी ड्यूटी करेंगे। एसोसिएशन का कहना है कि यह विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और कानून व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ेगा।