{"_id":"69a2de5d47864ee24b0f1e31","slug":"police-tighten-crime-control-measures-dgp-tadasha-mishra-directs-speedy-arrest-of-absconding-accused-ranchi-news-c-1-1-noi1475-4001524-2026-02-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jharkhand News: अपराध पर वार! रांची में डीजीपी तदाशा मिश्रा की सख्त बैठक, फरार अपराधियों पर कसेगा शिकंजा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jharkhand News: अपराध पर वार! रांची में डीजीपी तदाशा मिश्रा की सख्त बैठक, फरार अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: राँची ब्यूरो
Updated Sat, 28 Feb 2026 06:33 PM IST
विज्ञापन
सार
रांची में डीजीपी तदाशा मिश्रा ने पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर राज्य में अपराध नियंत्रण को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, कुर्की-जप्ती की कार्रवाई, इनाम घोषित करने और लंबित मामलों को तेजी से निपटाने पर जोर दिया गया।
पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करती डीजीपी
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
रांची में राज्य में अपराध नियंत्रण को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से डीजीपी तदाशा मिश्रा ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, उग्रवाद और संगठित अपराध पर विस्तार से चर्चा की गई।
Trending Videos
मासिक अपराध समीक्षा से हुई शुरुआत
बैठक की शुरुआत मासिक अपराध समीक्षा से हुई। डीजीपी ने सभी जिलों से फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी की अद्यतन रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। उन्होंने धमकी, लेवी वसूली, आगजनी और तोड़फोड़ जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा की। लंबित मामलों में शामिल फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
कुर्की-जप्ती और इनाम की घोषणा पर जोर
डीजीपी ने साफ निर्देश दिया कि फरार अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की-जप्ती की कार्रवाई तेज की जाए। जरूरत पड़ने पर इनाम घोषित कर गिरफ्तारी प्रक्रिया को तेज करने की बात कही गई। साथ ही, मिली सूचनाओं की तुरंत जांच कर समय पर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
नक्सल विरोधी अभियान को मजबूत करने के निर्देश
नक्सल विरोधी अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आत्मसमर्पण नीति का प्रचार बढ़ाने को कहा गया। ज्यादा से ज्यादा लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया। डीजीपी ने स्थानीय नेटवर्क, मुखबिर तंत्र और डिजिटल निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बताई। जमानत पर छूटे उग्रवादियों और अपराधियों पर विशेष नजर रखने के भी निर्देश दिए गए।
संगीन मामलों की समीक्षा
बैठक में लूट, हत्या, चोरी, डकैती, बलात्कार, पोक्सो एक्ट और साइबर अपराध जैसे मामलों की समीक्षा की गई। सभी जिलों को इन मामलों में तेजी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। डीजीपी ने प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक और क्षेत्रीय उप-महानिरीक्षकों को निर्देशों के पालन की जिम्मेदारी दी। प्रभावित इलाकों का नियमित दौरा कर पुलिस अधिकारियों का मार्गदर्शन करने को भी कहा गया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) टी. कंदसामी, अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक, सीआरपीएफ रांची सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह, विशेष शाखा के पुलिस महानिरीक्षक प्रभात कुमार, अभियान के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. माइकलराज एस., प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा सहित राज्य के सभी जिलों के एसपी मौजूद रहे। इस बैठक के जरिए राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध पर सख्त नियंत्रण के संकेत दिए गए हैं।