Fraud Alert: नोएडा एयरपोर्ट के नाम पर हो रही ठगी, प्राधिकरण ने दी फर्जी जॉब ऑफर्स से सावधान रहने की सलाह
Noida International Airport Fake Job Offer: जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने फर्जी नौकरी ऑफर्स को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ अनधिकृत एजेंसियां लोगों से नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी कर रही हैं। एयरपोर्ट ने स्पष्ट किया कि भर्ती में कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।
विस्तार
Noida International Airport: नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (NIA) की ओर से शनिवार को फर्जी नौकरी ऑफर्स से सावधान रहने की सलाह दी गई है। हवाई अड्डे ने लोगों को फर्जी नौकरी के ऑफर्स से सावधान रहने के लिए एक सार्वजनिक सलाह जारी की है।
भर्ती प्रक्रिया के किसी भी चरण में नहीं लिया जाता शुल्क
माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए एनआईए ने बताया कि कुछ 'अनधिकृत व्यक्ति या एजेंसियां' एयरपोर्ट में नौकरी के नाम पर फर्जी ऑफर्स फैला रही हैं। एयरपोर्ट प्राधिकरण ने साफ किया है कि वह भर्ती प्रक्रिया के किसी भी चरण में कोई शुल्क नहीं लेता है। अगर कोई व्यक्ति या संस्था नौकरी के नाम पर पैसे मांगती है, तो वह पूरी तरह से फर्जी है।
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी संदिग्ध संदेश या ऑफर का जवाब न दें और सतर्क रहें। साथ ही यह भी बताया गया है कि एयरपोर्ट में सभी वैध नौकरी की जानकारी केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट niairport.in पर ही उपलब्ध होती है।
सार्वजनिक सूचना: फर्जी नौकरी के प्रस्तावों से सावधान
— Noida International Airport (@NIAirport) April 11, 2026
हमें जानकारी मिली है कि कुछ अनधिकृत लोगों/एजेंसियों द्वारा हवाईअड्डे पर नौकरी के फर्जी प्रस्ताव/अवसर प्रसारित किए जा रहे हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भर्ती प्रक्रिया के किसी भी चरण में कोई शुल्क नहीं लेता है।
सभी नौकरी के…
क्या है मामला?
अप्रैल महीने की शुरुआत में एक फर्जी वेबसाइट द्वारा रोजगार की अधिसूचना प्रसारित की गई। इसमें आवेदन शुल्क का भी जिक्र था। मामला संज्ञान में आते ही प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए इसे खारिज किया और एडवाइजरी जारी की। हवाई अड्डे ने इस तरह के फर्जी ऑफर्स से सावधान और सतर्क रहने की अपील की है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में से एक है, इसलिए इसके नाम पर धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में उम्मीदवारों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बारे में
जेवर में स्थित यह हवाई अड्डा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित किया गया है। हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने इसके पहले चरण का उद्घाटन किया। नोएडा हवाई अड्डा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) के बाद दिल्ली एनसीआर की जरूरतों को पूरा करने वाला दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है।