Live
IND vs NZ Final Live: किसके सिर सजेगा ताज? खिताबी मुकाबले में आज भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने
Live Cricket Score Today, IND vs NZ Final T20 World Cup 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम सात बजे शुरू होगा। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया है।
लाइव अपडेट
India vs New Zealand Final Live Score: न्यूजीलैंड के पीएम ने दी बधाई
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने फाइनल मैच से पहले टीम को शुभकामना दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्स पर साझा किए एक वीडियो संदेश में क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा, 'न्यूजीलैंड की टीम टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे बेहतर कुछ भी नहीं हो सकता है। टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है। पूरा देश इस समय टीम के साथ खड़ा है। आपमें क्षमता है, आगे बढ़िए और चैंपियन बनिए।'IND vs NZ T20 World Cup Final Live: पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने किया भारत की जीत का दावा
पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने दावा किया है कि भारत फाइनल मुकाबला जीतेगा और इतिहास रचेगा। हावड़ा में आईएएनएस से बातचीत में पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने कहा कि आज का फाइनल बहुत बड़ा मैच है। देशभर के क्रिकेट फैंस की नजर इस मैच पर रहने वाली है। भारतीय टीम से हम सभी क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि वे अच्छा खेल दिखाएंगे और विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा करेंगे। पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने कहा कि भारत फाइनल मुकाबला जीतता है तो हम लगातार दो बार विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएंगे। कोई भी टीम लगातार दो बार टी-20 विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा नहीं कर पाई है।IND vs NZ Final Match Live: आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने भारत और न्यूजीलैंड को दी शुभकामना
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने दोनों ही टीमों को शुभकामनाएं दी हैं। शाह ने एक्स पर लिखा, 'यह रिकॉर्ड तोड़ने वाला टी20 विश्व कप रहा है। इसके कई आकर्षक बिंदु रहे, जिसमें हमारे एसोसिएट सदस्यों के कुछ शानदार प्रदर्शन भी शामिल हैं। अब भारत और न्यूजीलैंड को फाइनल के लिए गुड लक कहने का समय है, जो भारी भीड़ के सामने खेला जाएगा और जिसे करोड़ों लोग देखेंगे।' टी20 विश्व कप 2026 ने इतिहास रच दिया है। यह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला संस्करण बन गया है, अकेले भारत में दर्शकों की संख्या 500 मिलियन को पार कर गई है, जो किसी भी टी20 विश्व कप में अब तक की सर्वाधिक है।IND vs NZ Final Match Live: भारतीय टीम के चैंपियन बनने की उम्मीद: नयन मोंगिया
भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज नयन मोंगिया ने कहा कि फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी है। टीम इंडिया ने खेल के हर क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, टी20 में कुछ ओवर ही मैच बदल देते हैं, इसलिए भविष्यवाणी नहीं की जा सकती। हम उम्मीद करते हैं कि भारतीय टीम चैंपियन बनेगी। नासिक के क्रिकेट कोच राजू शिंदे ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला रोमांचक होगा। जीत की हार की भविष्यवाणी करना मुश्किल है। भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फॉर्म में नहीं है। हर मैच में किसी एक खिलाड़ी की बड़ी पारी और मध्यक्रम के बल्लेबाजों के सहयोग ने टीम इंडिया को जीत दिलायी है। न्यूजीलैंड आईसीसी टूर्नामेंट में हर बार भारतीय टीम को कड़ी चुनौती देती है। इसलिए भारत के लिए फाइनल मैच आसान नहीं होने वाला है।रिंकू सिंह के कोच मसूद उज जफर अमीनी ने कहा कि यह बहुत बड़ा मैच है। न्यूजीलैंड की टीम बहुत अच्छी है। गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में भारतीय टीम को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। मुकाबला कड़ा होगा और टक्कर वाला होगा। अच्छा खेलने वाली टीम जीतेगी। रांची में क्रिकेट अकादमी चलाने वाले कोच मानिक घोष ने कहा कि भारतीय टीम की स्थिति अच्छी है। अभिषेक शर्मा को छोड़ दिया जाए तो बाकी बल्लेबाज फॉर्म में हैं। जसप्रीत बुमराह शानदार फॉर्म में हैं। वरुण चक्रवर्ती सेमीफाइनल में अच्छी गेंदबाजी नहीं कर पाए, लेकिन पूरी उम्मीद है कि फाइनल में वह अच्छी गेंदबाजी करेंगे।
IND vs NZ Final Match Live: भारतीय महिला टीम ने बढ़ाया टीम इंडिया का हौसला
ऑस्ट्रेलिया में मौजूद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले भारतीय टीम को शुभकामना दी है। फाइनल मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। बीसीसीआई ने महिला टीम की आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया जिसमें कोच मजूमदार, बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा ने फाइनल मुकाबले के लिए टीम इंडिया को शुभकामना दी है। वीडियो में कैप्शन है, एक टीम इंडिया जिसने घर पर वर्ल्ड कप जीता, दूसरी आज रात घर पर वर्ल्ड कप जीतने जा रही है।- महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा, 'मैं सभी को शुभकामनाएं देना चाहता हूं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बहुत भीड़ होगी। वर्ल्ड कप फाइनल खेलने के लिए शानदार माहौल होगा।'
- ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा, 'वर्ल्ड कप फाइनल के लिए ऑल द बेस्ट टीम इंडिया। हम सब आपका समर्थन कर रहे हैं। जाओ और जीतो।'
- जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा, 'चलो इसे घर ले आते हैं। हम आपके लिए दुआ कर रहे हैं।'
IND vs NZ T20 World Cup Final Live: अहमदाबाद में फैंस का सैलाब, बोले- भारत जीतेगा
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले अहमदाबाद में क्रिकेट फैंस का उत्साह चरम पर है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबले से पहले बड़ी संख्या में समर्थक नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंच रहे हैं। फैंस को उम्मीद है कि सूर्यकुमार की अगुआई वाली भारतीय टीम ट्रॉफी जीत सकती है, हालांकि वे यह भी मानते हैं कि मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम कड़ी चुनौती देगी। अहमदाबाद पहुंचे एक भारतीय समर्थक ने कहा कि वे फाइनल को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनका मानना है कि भारत जीत सकता है, लेकिन न्यूजीलैंड हमेशा कड़ा मुकाबला देता है।दिल्ली से आए एक अन्य फैन ने कहा कि उन्हें भारत की जीत पर पूरा भरोसा है। उन्होंने खास तौर पर संजू सैमसन की बल्लेबाजी देखने की इच्छा जताई और कहा कि जसप्रीत बुमराह हमेशा की तरह इस मैच में भी शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। रांची और गुवाहाटी से भी कई फैंस ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही है और मजबूत बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को हराने में सक्षम है। हालांकि उन्होंने माना कि न्यूजीलैंड भी इस विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है।
IND vs NZ Live Match: धोनी पहुंचे अहमदाबाद
भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी रविवार सुबह अहमदाबाद पहुंच गए, जहां भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल खेला जाना है। यह खिताबी मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा। धोनी ने इससे पहले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की रोमांचक सेमीफाइनल जीत भी देखी थी। अब उम्मीद है कि वह अहमदाबाद में होने वाले इस बड़े मुकाबले में भी स्टेडियम से टीम इंडिया का हौसला बढ़ाते नजर आएंगे।
#WATCH | Gujarat | Former Captain of the Indian Cricket Team Mahendra Singh Dhoni arrives at Ahmedabad
— ANI (@ANI) March 8, 2026
ICC Men's T20 World Cup 2026 final between India and New Zealand, to be played today at the Narendra Modi Stadium. pic.twitter.com/5Q6gNuIcsQ