Live
Punjab Nikay Chunav 2026: दोपहर दो बजे तक 45.60 फीसदी मतदान, सुनाम में गर्मी से दो महिलाएं बेहोश
Punjab Nikay Chunav, Municipal Election 2026 Live Updates : पंजाब के 108 निकायों में आज मतदान होगा। आठ नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों की सीटों पर 7555 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हो गया है। जानें सभी अपडेट...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लाइव अपडेट
जीरा में सियासी पार्टियों के समर्थक भिड़े, पोलिंग बूथ का दरवाजा किया बंद
फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा में मतदान के अंतिम समय सियासी पार्टियों के समर्थक आपस में भिड़े। धक्का मुक्की के चलते पोलिंग बूथ का दरवाजा बंद किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच समर्थकों को खदेड़ा।मतदान समाप्त
निकाय चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है।जगरांव में आप विधायक और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के बीच बहस
जगरांव नगर काउंसिल के 23 वार्डों में हो रहे चुनावों के दौरान मंगलवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब आप विधायक सरबजीत कौर मानूके और एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करवा दिया, लेकिन कुछ समय बाद माहौल फिर बिगड़ गया जब कुछ युवकों ने कथित तौर पर इन्फ्लुएंसर पर हमला कर दिया। हमले की जानकारी मिलते ही कांग्रेसी वर्करों ने सड़क पर धरना लगा दिया।जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 1 की वोटिंग सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) में चल रही थी। बताया जा रहा है कि विधायक सरबजीत कौर मानूके अपनी वोट डालने के बाद काफी समय तक मतदान केंद्र के अंदर ही मौजूद रहीं। इसी दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुखविंदर सिंह ने उन्हें मतदान केंद्र में खड़े रहने पर एतराज जताते हुए बाहर जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस धीरे-धीरे तेज नोकझोंक में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में विधायक सरबजीत कौर मानूके ने कहा कि जगरांव में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे वह किसी भी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा व्यक्ति क्यों न हो।
मामला शांत होने के बाद इन्फ्लुएंसर सुखविंदर सिंह अपने कैमरामैन गुरवीर सिंह विर्क के साथ वीडियो कवरेज करने में जुट गया। आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद एक स्कॉर्पियो गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसमें से उतरे कुछ युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। इस दौरान इन्फ्लुएंसर की पगड़ी उतार दी गई, जबकि उसके कैमरामैन गुरवीर सिंह विर्क पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौके पर पहुंच गए तथा आम आदमी पार्टी की विधायक और पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना लगा दिया। वहीं पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु भी जगरांव पहुंचे। दूसरी ओर विधायक सरबजीत कौर मानूके भी दोबारा स्कूल परिसर में पहुंच गईं। इन्फ्लुएंसर सुखविंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी की विधायक और पुलिस पर कथित तौर पर हमला करवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
बठिंडा के वार्ड नंबर 37 में धक्केशाही के आरोप
बठिंडा निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 37 में चुनावी माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब अकाली दल की उम्मीदवार सविता बंसल के पति बीरु बंसल ने आम आदमी पार्टी के नेताओं और समर्थकों पर धक्केशाही करने के आरोप लगाए।बीरू बंसल ने आरोप लगाया कि उनके बूथ पर आप नेताओं द्वारा गुंडे भेजकर माहौल खराब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव में धक्केशाही और दबाव ही बनाना था तो फिर चुनाव करवाने का क्या मतलब है। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ पर पहुंचे कुछ लोगों ने कैमरों के साथ भी छेड़छाड़ की। मामले की शिकायत मिलने के बाद जिला चुनाव कार्यालय से अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे। हालांकि अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।
मौके पर पहुंचे अकाली दल नेता बब्ली ढिल्लों ने भी प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसएसपी और डीसी को लगातार शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के समर्थक चुनाव के दौरान दबाव और गुंडागर्दी का माहौल बना रहे हैं। घटना के बाद बूथ के आसपास तनाव का माहौल बना रहा, जबकि पुलिस और चुनाव अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।
बरनाला में वार्ड नंबर 15 में भाजपा उम्मीदवार के पति पर हमला
बरनाला के वार्ड नंबर 15 में चल रहे मतदान के दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच जबरदस्त लड़ाई हुई। झड़प के दौरान भाजपा उम्मीदवार दीपइंदर कौर के पति जसवीर सिंह के सिर में गंभीर चोट भी आई। घायल को तुरंत बरनाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।इस मौके पर भाजपा उम्मीदवार के पति जसवीर सिंह ने बताया कि वे 15 नंबर वार्ड से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। आज उनके वार्ड में सुबह से ही आम आदमी पार्टी से संबंधित बाहरी लोग घूम रहे थे, जिनके बारे में उन्होंने पुलिस प्रशासन को कई बार अवगत कराया, परंतु उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई।
इन बाहरी लोगों द्वारा वार्ड में फर्जी वोट डाले जा रहे थे। जब इसे रोका गया, तो उन्होंने उन पर हमला कर दिया। मेरी पगड़ी उतार दी गई और मेरे सिर पर चोटें पहुंचाई गईं। जबकि चुनाव लड़ रही मेरी पत्नी और अन्य लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरेआम धक्काशाही पर उतर आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन चुनावों में सरेआम फर्जी वोट डलवाए जा रहे हैं और चुनाव आयोग व पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनकर देख रहा है। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
दोपहर दो बजे तक 45.60 फीसदी मतदान
दोपहर दो बजे तक 45.60 फीसदी मतदान हो चुका है।तेज गर्मी के कारण सुनाम में दो महिला मतदाता बेहोश
तेज गर्मी के कारण सुनाम के वार्ड 17 में दो महिला मतदाता मतदान केंद्र में बेहोश हो गई।पठानकोट के बूथ नंबर 2 में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं में हुई झड़प
पठानकोट के आनंदपुर रडा स्थित पोलिंग बूथ नंबर 2 पर कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं में हुई झड़प के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को शांत करवा पुलिस कार्रवाई करने की चेतावनी दे वापिस भेज दिया। पोलिंग बूथ में माहौल तनावपूर्ण होने के पीछे का कारण एक बुजुर्ग महिला के साथ उसके परिवार सदस्य के पोलिंग स्टेशन में साथ जाना बना। दोनों पक्ष एक दूसरे के साथ गाली गलौज भी करने लगे। बीजेपी के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि एक व्यक्ति अकेला ही वोट डालने जा सकता है और कांग्रेस अन्य लोगों को साथ भेज मतदान हेरफेर करवाने की कोशिश कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि सिर्फ एक बुजुर्ग महिला जिससे चलना भी मुश्किल हो रहा था उसका एक परिवार सदस्य मतदान करने के लिए गया है और उसी बात को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आधार बना उनके वर्करों के साथ झगड़ा शुरू कर दिया है। इस झड़प की वजह से लोगों में अफरा तफरी मच जाने से कुछ समय के लिए मतदान भी प्रभावित हुआ। जबकि भाजपा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि जिस भी पोलिंग बूथ पर पहुंच रहे हैं भीषण गर्मी के बीच पानी तक का जिला प्रशासन की तरफ से प्रबंध नहीं किए गए।अरविंद केजरीवाल ने मतदान की अपील
मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि पंजाब में चल रहे निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। आपका वोट लोकतंत्र में आपकी ताकत है। आपकी छोटी-बड़ी समस्याओं का हल और पूरे परिवार की खुशहाली आपका वोट तय करता है।
मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि पंजाब में चल रहे निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग ज़रूर करें।
आपका वोट लोकतंत्र में आपकी ताकत है.. आपकी छोटी-बड़ी समस्याओं का हल और पूरे परिवार की खुशहाली आपका वोट तय करता है।— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 26, 2026