Jaisalmer Bus Fire: जोधपुर पहुंचे सीएम भजनलाल; घायलों का जाना हाल; 24 घंटे मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
Bus Fire Accident in Jaisalmer News Live : दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जैसलमेर से जोधपुर आ रही बस में आग लग गई। इसमें अब तक करीब 20 यात्रियों के जिंदा जल जाने की आशंका है।
लाइव अपडेट
जैसलमेर के गोला-बारूद डिपो में काम करने वाले महेंद्र मेघवाल का पूरा परिवार इस बस हादसे में खत्म हो गया। महेंद्र जोधपुर के बालेसर के लावारान शेतरावा के रहने वाले थे और फिलहाल जैसलमेर के इंद्रा कॉलोनी में किराए के घर में रह रहे थे। हादसे में महेंद्र मेघवाल, उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा खत्म हो गए। मृतकों के नामों की सूची डीएनए जांच के बाद ही जारी होगी।
देर रात घायलों के हाल जानने पहुंचे रविंद्र सिंह भाटी
शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी भी देर रात हादसे में घायलों से मिलने महात्मा गांधी अस्पताल के बर्न यूनिट में पहुंचे और मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि ये समय राजनीतिक टीका-टिप्पणी का नहीं है, बल्कि घायलों के साथ और उनके परिजनों के साथ खड़े रहने का समय है।
बस हादसे में गंभीर रूप से घायल मरीजों से मिलने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्पेशल फ्लाइट से जोधपुर पहुंचे। उन्होंने यहां हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मरीजों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। गौरतलब है कि करीब 20 से ज्यादा मरीजों को इलाज के लिए जोधपुर रैफर किया गया है। जोधपुर महात्मा गांधी अस्पताल में बर्न यूनिट में सीएम ने घायलों से बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिए कि हर मरीज के लिए विशेष चिकित्सकीय निगरानी दल (डेडिकेटेड डॉक्टर और नर्स) तैनात किया जाए ताकि 24 घंटे मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घायल के परिजन को अस्पताल में ठहरने, भोजन व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बस हादसे को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जैसलमेर में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से व्यथित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
Distressed by the loss of lives due to a mishap in Jaisalmer, Rajasthan. My thoughts are with the affected people and their families during this difficult time. Praying for the speedy recovery of the injured.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of…
— PMO India (@PMOIndia) October 14, 2025
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने हादसे को सोशल मीडिया पर फिर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि जैसलमेर से जोधपुर आ रही बस में आग लगने से 20 लोगों की मृत्यु हृदय विदारक है। इस हादसे की सूचना से मन विचलित है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं।
जैसलमेर से जोधपुर आ रही बस में आग लगने से 20 लोगों की मृत्यु हृदय विदारक है। इस हादसे की सूचना से मन विचलित है।
मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) October 14, 2025
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटनास्थल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
वहीं, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा कि बस से 19 शव बरामद हुए थे। डीएनए जांच से उनकी पहचान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जोधपुर में एक घायल की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 20 पहुंच गया है।
जैसलमेर में हुए बस हादसे पर राज्यपाल की शोक संवेदना
इधर, प्रदेश के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जैसलमेर में बस में आग लगने से हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
बस में कुल 57 यात्री सवार थे। हादसे के बाद 19 गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को जोधपुर रेफर किया गया था, जिनमें से अधिकांश की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। चार घायलों का इलाज जैसलमेर में जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय पत्रकार राजेंद्र सिंह चौहान भी इस हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बस जैसलमेर से जोधपुर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में अचानक एसी यूनिट में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना पर पहुंची दमकल टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल मौतों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने बुधवार को प्रस्तावित बिहार दौरा रद्द कर दिया है और राहत-बचाव की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए एक्स पर साझा की गई अपनी पोस्ट में कहा है कि जब सरकार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की धर्मपत्नी के बीमार होने पर उन्हें पाली से जयपुर हेलीकॉप्टर में ला सकती है तो आज जैसलमेर के निकट बस में हुई भीषण आगजनी में गंभीर रूप से झुलसे हुए नागरिकों को एयरलिफ्ट करके जोधपुर क्यों नहीं लेकर आए? जबकि जैसलमेर में तो सेना के हेलिकॉप्टर भी थे। उन्होंने कहा कि आप केंद्र और सैन्य अफसरों से बात करके तत्काल झुलसे हुए नागरिकों को हवाई मार्ग से जोधपुर या जयपुर लाते ताकि उनका समय पर उपचार शुरू होता। इससे यह स्पष्ट होता है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तो संवेदनहीन हो ही गए हैं और उनके साथ सत्ताधारी दल के प्रदेश अध्यक्ष भी संवेदनहीन हो गए, जिन्हें आज समय रहते झुलसे हुए नागरिकों की पीड़ा महसूस तक नहीं हुई।
https://twitter.com/hanumanbeniwal/status/1978146682182500784
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जैसलमेर में बस में आग लगने से हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा कि हादसे में 19 लोग बस में ही जल गए थे। एक की जोधपुर रैफर करने के दौरान मौत हो गई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को अपना बिहार का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे में मरने वालों का आंकड़ा 20 हो सकता है, जबकि 16 यात्रियों के झुलसने की आशंका है। जैसलमेर में जिन चार लोगों का इलाज चल रहा है, वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जैसलमेर कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। दुर्घटना में घायल 16 यात्रियों को जैसलमेर जिलाअस्पताल में प्राथमिक उपचार के पश्चात जोधपुर के लिए रेफर किया गया। जिला प्रशासन की दिवंगत यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना है, हम इस दुखद घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मृतक यात्रियों के परिजनों से अपील करता हूं कि वे अपने परिवार के सदस्य या परिचित की पहचान सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन की हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।