अखिलेश यादव बोले: सपा की सरकार बनी तो महिलाओं को देंगे 40 हजार की सम्मान राशि, मथुरा कांड पर उठाए सवाल
Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने एक बार फिर से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि यूपी में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं।
विस्तार
अखिलेश ने प्रदेश सपा मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गोरखपुर की घटना को लेकर भाजपा के ही सांसद राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि हत्यारों को बचाया गया तो राज्यसभा में नंगा कर देंगे। आखिर कौन दोषी है। वाराणसी में छात्र की खुलेआम हत्या हो गई। बदायूं की घटना में मां ने बताया कि कई बार शिकायत की गई थी कि जान को खतरा है लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मथुरा में संत की हत्या हो गई।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में इस सरकार ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं, बर्बाद कॉरिडोर बनाया हैं, उसी डिजाइन में खामियां है। उद्घाटन के बाद ही कॉरिडोर धंस गया। इस पर पैदल चलने के लिए कोई जगह नहीं है।
मुकद्दर का सिलिंडर
झांसी में भाजपा नेताओं ने गैस सिलेंडर का ट्रक गायब कर दिया। मुकद्दर का सिलिंडर जैसी स्थिति हो गई है। संयोग से ही रसोई गैस मिल पा रही है।
मंत्रिमंडल विस्तार का नहीं मिलेगा कोई फायदा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने अभी से अधिकारियों की सेटिंग शुरू कर दी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा चाहे जो कर ले, चाहे जितने अधिकारी बदल दें वहां ममता बनर्जी फिर चुनाव जीतेंगी। संघ परिवार के बड़ी संख्या में लोग पश्चिम बंगाल भेजे गए हैं। चुनाव के बाद इन्हें यूपी में उतारने की भाजपा की योजना है, लेकिन यहां हमने भी पूरी तैयारी कर रखी है। उन्होंने कहा कि रूठों को मनाने के लिए भाजपा मंत्रिमंडल विस्तार कर सकती है, लेकिन इसका कोई लाभ चुनाव में नहीं मिलेगा।
सरकार बनी तो महिलाओं को देंगे 40 हजार की सम्मान राशि
समाजवादी पार्टी के सरकार बनने पर पुनः समाजवादी पेंशन शुरू की जाएगी। महिलाओं को विशेष सम्मान देकर नारी समृद्धि सम्मान योजना में हर साल 40 हजार रुपये देंगे। महिलाओं के लिए पहले की समाजवादी पेंशन योजना फिर चलाई जाएगी। साथ ही 40 हजार रुपये विशेष सम्मान राशि देंगे।