Ambedkar Nagar: नगर पालिका के लिपिक को पांच हजार की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ने दबोचा, मचा हड़कंप
अंबेडकरनगर के जलालपुर में एक क्लर्क को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने दबोच लिया। गिरफ्तारी से नगर पालिका में हड़कंप मचा हुआ है।
विस्तार
नगर पालिका परिषद जलालपुर में लिपिक के पद पर तैनात रमाकांत चौबे को बृहस्पतिवार दोपहर एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रमाकांत चौबे ने क्षेत्र के एक व्यक्ति से प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत के बाद टीम ने लिपिक को दबोचा और उसके विरुद्ध अकबरपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की है।
जल निगम विभाग में तैनात लिपिक रमाकांत चौबे मूलरूप से आजमगढ़ के अहिरौला क्षेत्र के शाहपुर का निवासी है। वर्ष 2020 से नगर पालिका परिषद जलालपुर में तैनात था। प्रधानमंत्री शहरी आवास, नक्शा पासिंग, आईजीआरएस, अतिक्रमण और गोशाला जैसे महत्वपूर्ण पटलों पर काम देख रहा था।
जलालपुर के वाजिदपुर बहरवा निवासी अवधेश कुमार ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी कि पीएम आवास योजना के नाम पर उससे 5 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने जाल बिछाया।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे एंटी करप्शन टीम की दो गाड़ियां जलालपुर नगर पालिका के आसपास पहुंचीं। योजना के तहत शिकायतकर्ता को तय रकम देकर भेजा गया। जैसे ही नगर पालिका गेट के पास अवधेश कुमार ने रमाकांत चौबे को रुपये दिए, पहले से घात लगाए टीम के सदस्यों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई कर्मचारी स्थिति भांपते ही इधर-उधर हो गए। इसके बाद टीम ने मौके पर ही उसके हाथ से केमिकल के नमूने लिए। लोगों की भीड़ बढ़ती देख टीम उसे सीधे अकबरपुर कोतवाली लेकर पहुंची। यहां प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद टीम लिपिक को अपने साथ लेकर चली गई है। अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी कर्मचारी के खिलाफ जल निगम विभाग को पत्र भेजकर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.