IPL: घर पर रिकॉर्ड सुधारना चाहेगी लखनऊ सुपरजायंट्स, प्लेऑफ के लिए चेन्नई का जीतना जरूरी; धोनी पर संशय कायम
आईपीएल में लखनऊ और चेन्नई के बीच मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। लगातार हार के बाद लखनऊ घरेलू मैदान पर वापसी की कोशिश करेगी, जबकि चेन्नई प्लेऑफ की दावेदारी मजबूत करना चाहेगी। अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबकी नजर रहेगी। महेंद्र सिंह धोनी के खेलने को लेकर अब भी संशय बना हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टीम को पहले शुक्रवार को चेन्नई का सामना करना है और इसके बाद 23 मई को टीम की भिड़ंत पंजाब किंग्स से होगी। जब एलएसजी की टीम घरेलू मैदान में लगातार हार रही थी तब टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने इकाना की पिच की तुलना पर्थ की शानदार विकेट से करते हुए कहा कि उनके खिलाड़ी यहां के उछाल भरी विकेट से तालमेल नहीं बैठा सके। इस कारण टीम को यहां अधिकतर मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। बंगलूरू के खिलाफ एलएसजी के बल्लेबाज यहां के विकेट को पढ़ने में सफल रहे, जिसकी बदौलत टीम के खाते में पहली जीत दर्ज हुई।
अंतिम एकादश में हो सकता है बदलाव
प्लेऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी एलएसजी की टीम अब बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को भी आजमाना चाहेगी। इसके लिए टीम प्रबंधन आने वाले मुकाबलों में बदलाव कर सकता है ताकि अगले साल होने वाले सत्र की तैयारी अभी से की जा सके। इन खिलाड़ियों में अर्जुन तेंदुलकर का नाम सबसे आगे हैं, जो तेज गेंदबाजी के अलावा उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। टीम के गेंदबाजी कोच लांस क्लूजनर भी अर्जुन की गेंदबाजी से प्रभावित हैं।
ऐसे में उन्हें चेन्नई के खिलाफ खेलने का मौका मिल सकता है। इसके अलावा टीम के एक और पेसर और लखनवी तेज गेंदबाज नमन तिवारी का नाम भी लिया जा रहा है। यूपी टी-20 लीग में अपनी तेजी और स्विंग से प्रभावित करने वाले 20 साल के तेज गेंदबाज अंडर-19 विश्वकप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। एलएसजी में आने से पहले नमन नेट्स बॉलर के रूप में काफी समय से जुड़े हुए हैं। इसके बाद मिनी ऑक्शन में एलएसजी प्रबंधन ने उन्हें एक करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया।
लखनऊ पर जीत से प्लेऑफ की दावेदारी ठोकेगा चेन्नई
लगातार तीन हार से सीजन की शुरुआत करने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल में शानदार वापसी की और प्लेऑफ की होड़ में शामिल हो गई है। लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मुकाबले में टीम एक और जीत के साथ अपनी दावेदारी को और पुख्ता करना चाहेगी। दूसरी ओर अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर फिसल चुकी लखनऊ सुपरजायंट्स की नजर पिछली हार से हिसाब चुकाने पर होगी।
एकजुट प्रदर्शन के दम पर चेन्नई की वापसी
दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी में चेन्नई की टीम ने लड़ने का मद्दा दिखाया है। खासतौर पर टी-20 विश्वकप में भारत की जीत के हीरो रहे संजू सैमसन (11 मैच में 53.75 की औसत से 430 रन) की अगुवाई में टीम ने जबर्दस्त वापसी करके प्लेऑफ का दावा ठोक दिया है।
लखनऊ के खिलाफ पिछले मुकाबले में महज 13 गेंदों पर पचासा जड़ने वाले विस्फोटक बल्लेबाज उर्विल पटेल भी अचानक सुर्खियों में आ गए हैं। अंशुल काम्बोज (11 मैच में 19 विकेट) और जेमी ओवरटन (10 मैच में 14) की जोड़ी ने गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत किया है। फिनिशर के रूप में शिवम दुबे से टीम प्रबंधन को बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
प्लेऑफ का समीकरण उलझा सकती है लखनऊ
खिताब की होड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम अब दूसरी टीमों के समीकरण को उलझा सकती है। कागजों में बेहद मजबूत सुपरजायंट्स की टीम किसी भी मुकाबले का रुख अपनी ओर मोड़ने का मद्दा रखती है। ऐसे में चेन्नई को सतर्क होकर मुकाबले में उतरना होगा।
टीम के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (11 मैच में 377 रन) और युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (10 मैच में 16 विकेट) शानदार फार्म में हैं। जोश इंग्लिश ने चेन्नई के खिलाफ 33 गेंदों पर 85 रन की धुआंधार पारी खेलकर खतरे की घंटी बजा दी है। चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में लखनऊ का टीम प्रबंधन बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को शामिल कर सकता है।
धोनी पर संशय कायम
आईपीएल शुरू होने से पहले अभ्यास सत्र में पिंडली में खिंचाव के चलते चोटिल हुए महेंद्र सिंह धोनी ने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है। मिली जानकारी के अनुसार वे पूरी तरह फिट हो चुके हैं और अभ्यास कर रहे हैं। बावजूद उन्हें खिलाने को लेकर संशय बना हुआ है। लखनऊ के खिलाफ होने वाले मुकाबले में वह अभी तक टीम से नहीं जुड़े हैं। ऐसे में उनके खेल की संभावनाएं बेहद कम है।