लखनऊ: 48 घंटों के अंदर 7.6 डिग्री लुढ़का पारा, कोहरे की वजह से मैच हुआ रद्द; बदला गया स्कूलों का समय
Weather in UP: राजधानी लखनऊ में भीषण ठंड पड़ रही है। कोहरे और धुंध की वजह से गुरुवार को इकाना स्टेडिमय में खेला जाने वाला मैच रद्द हो गया।
विस्तार
राजधानी में बुधवार को इस सीजन में पहली बार सबसे ज्यादा घना कोहरा देखने को मिला। सुबह तो सूरज के दर्शन ही नहीं हुए। दोपहर में भी घने कोहरे ने सूरज की गर्मी को ठंडा किए रखा। गलन भरी पछुआ हवाओं ने लोगों को पूरे दिन ठिठुरने पर मजबूर किया। इससे बीते 48 घंटे के दाैरान अधिकतम तापमान में 7.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ चुकी है।
बुधवार को सर्द हवाओं की वजह से ठंड इतनी ज्यादा थी कि लोगों को दिन में भी अलाव, हीटर या ब्लोअर का सहारा लेना पड़ा। देर शाम व रात में कड़ाके की सर्दी के साथ ठिठुरन और बढ़ी हुई महसूस की गई। माैसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी लखनऊ में सर्द हवाओं का सितम जारी रहने वाला है।
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिम भारत और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात तथा ऊपरी हवा के प्रभाव से लखनऊ में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। 20 दिसंबर तक सर्द हवाओं और कोहरे का असर ऐसे ही बने रहने के आसार हैं।
बुधवार को अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री की गिरावट के साथ 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 6 डिग्री नीचे था। वहीं न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री की गिरावट के साथ 10 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट के संकेत हैं।
सोशल मीडिया पर छाई रही राजधानी की हवा
बुधवार को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लखनऊ की हवा से जुड़ी सूचनाएं छाई रहीं। बहुत सारे सोशल मीडिया पोस्ट में राजधानी में एक्यूआई 400 के पास जाने की चर्चा थी, हालांकि इसकी कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कहना है कि बुधवार को लखनऊ का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 174 दर्ज किया गया। 400 एक्यूआई किसी भी जगह दर्ज नहीं हुआ है।
लखनऊ ठंड के चलते बदला स्कूलों का समय, अब सुबह 9 बजे से होगी पढ़ाई
राजधानी में ठंड और घने कोहरे के बढ़ते असर देखते हुए विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी विशाख जी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राजधानी में अब सभी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाओं का संचालन सुबह 9 बजे से होगा। यह आदेश बेसिक शिक्षा, यूपी बोर्ड, सीबीएसई व अन्य सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा। सुबह 9 से पहले कक्षाएं चलाने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई की जाएगी।
क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह पर कोहरे व धुंध का सितम
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथे टी-20 मुकाबले पर कोहरे और धुंध के सितम ने बुधवार को हजारों क्रिकेट प्रेमियों का दिल तोड़ दिया। शाम सात बजे का मुकाबला साढ़े सात बजे भी नहीं शुरू हुआ, फिर भी दर्शकों को उम्मीद थी कि मैच जल्द शुरू होगा। रात आठ बजे भी मैच नहीं शुरू हुआ तो दर्शक कुछ बेचैन हुए। जब रात साढ़े आठ बजे तक दर्शकों का धैर्य जवाब देने लगा और वे धीरे-धीरे स्टेडियम से निकलने लगे। रात नौ बजे तक स्टेडियम से करीब आधे दर्शक निकल चुके थे।
दर्शकों के चेहरों पर निराशा साफ नजर आ रही थी। वहीं, हजारों दर्शक रात नौ बजे के बाद भी स्टेडियम के अंदर तब तक डटे रहे जब तक कि मैच रद्द होने की सूचना प्रसारित नहीं कर दी गई। इनमें देश भर से विभिन्न हिस्सों से आए प्रशंसक थे। लखनऊ आए विदेशी फैन्स को भी मासूयी हाथ लगी। नार्वे से आए एक दल ने बताया कि वे बड़ी उम्मीद से भारत की जीत का जश्न मनाने के लिए आए थे, लेकिन कोहरे ने उनकी उम्मीद तोड़ दी।
इससे पहले दोपहर बाद से ही दर्शक इकाना स्टेडियम पहुंचना शुरू हो गए थे। शाम पांच बजे तक हाथों में तिरंगे लहराते हजारों दर्शक मौजूद थे। स्टेडियम के भीतर जाने के लिए गेटों के खुलने से पहले ही लंबी कतारें लग गईं। जैसे-जैसे समय बीतता गया, हुजूम बढ़ता गया। स्टेडियम के बाहर और भीतर दर्शकों का शोर शबाब पर था, घड़ी की सुइयां जैसे-जैसे बढ़ती गईं, दर्शकों का उत्साह भी कम होता गया। अंत में मैच रद्द होने की खबर ने उनका दिल तोड़ दिया।
