{"_id":"69c0ce09da98c737210c3f2e","slug":"suna-hai-kya-mining-creates-chaos-discussion-of-rivalry-between-officer-and-subordinate-2026-03-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Suna Hai Kya: खनन से हाहाकार का माहौल, अधिकारी ओर मातहत के बीच अदावत चर्चा में, पढ़ें आज की कानाफूसी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Suna Hai Kya: खनन से हाहाकार का माहौल, अधिकारी ओर मातहत के बीच अदावत चर्चा में, पढ़ें आज की कानाफूसी
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Mon, 23 Mar 2026 10:52 AM IST
विज्ञापन
सार
यूपी में खनन को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। इसे लेकर कई सफेदपोश व अधिकारी एजेंसी के निशाने पर हैं। वहीं, अधिकारी व मातहत के बीच अदावत चर्चा में है। इसके अलावा, एक अधिकारी मनमाफिक पोस्टिंग न मिलने से परेशान हैं। पढ़ें, आज की कानाफूसी:
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
यूपी में खनन शब्द ने हाहाकार मचा रखा है। हाल ये है कि जो भी अधिकारी व सफेदपोश इसके दायरे में आ रहे हैं वो एजेंसी के निशाने पर आ जा रहा है। वहीं, एक अधिकारी ने अपने मातहत को भ्रष्टाचार के आरोपों में नाप दिया। वहीं, एक जूनियर अधिकारी अभी भी डीरेल चल रहे हैं। पढ़ें, आज की कानाफूसी:
Trending Videos
खनन की खनखनाहट
मार्च का महीना बड़ा ही हलचल भरा है। एक तरफ दुनियाभर में युद्ध से हाहाकार मचा है तो दूसरी तरफ यूपी में खनन नाम के शब्द ने हाहाकार मचा रखा है। यूं समझिए कि इस शब्द के इर्दगिर्द जो भूले-भटके भी आ गया, दिल्ली वाली एजेंसी के रडार में आ गया। लोगों की जेब पर पैनी नजर रखने वाली इस एजेंसी ने अपने कामकाज से पिछले दिनों बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल तक बवाल काट दिया। इसकी जद में राजधानी के सफेदपोश भी आ गए हैं। सत्ता से लेकर नौकरशाही के गलियारों में खुसपुसाहट है कि जल्द कुछ 'बड़ा' होने का अंदेशा है। लेकिन कब, ये भविष्यवाणी करने को कोई तैयार नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
मातहत से इतनी अदावत
बुंदेलखंड के एक जिले में खाकी में अधिकारी और मातहत के बीच अदावत की आजकल खासी चर्चा है। मातहत का आरोप है कि अधिकारी अपने गलत कामों पर पर्दा डालने के लिए उसे फंसा रहे हैं। अधिकारी ने भी अपनी हैसियत दिखाने के लिए मातहत को भ्रष्टाचार के आरोपों में नाप दिया है। मातहत समाजसेवा से जुड़े अपने कार्यों की वजह से चर्चा में रहने के साथ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था, जिसे अब उसने अधिकारी के खिलाफ अपना हथियार बना लिया है। सुना है कि मामला बड़े अफसरों तक पहुंच गया है और तलवार दोनों तरफ चल सकती है।
सूचना लीकेज
एक जूनियर नौकरशाह काफी समय से डीरेल चल रहे हैं। तैनाती तो उन्हें मिली हुई है, पर मनमुताबिक नहीं। बीच में उन्होंने राजधानी से सटे एक जिले में तैनाती की गोटी बिछाई, पर समय से पहले ही मामला लीक हो गया। सारी योजना धरी रह गई। अब जूनियर नौकरशाह खुद ही कह रहे हैं कि केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने की उनकी सेटिंग हो गई है। पांच राज्यों के चुनाव के बाद उनका जाना तय है।... अब लीक तो उनका यह दांव भी हो गया है। देखते हैं कि भविष्य क्या रहता है?
आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी या समाचार हो तो 8859108085 पर व्हाट्सएप करें।