यूपी: अखिलेश यादव बोले- सीसीटीवी फुटेज से हुआ झूठ का भंडाफोड़, जुल्म-नाइंसाफी से न डरें कार्यकर्ता
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रोड शो के दौरान बच्चे की मौत मामले में सीएम योगी पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि अब सरकार पीडीए कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने पर उतारू है।
विस्तार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रोड शो के दौरान बच्चे की मौत को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि इसके सहारे पीडीए कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से अपील की है जुल्म और नाइंसाफी से न डरें।
उन्होंने एक पर बयान जारी कर कहा कि जब गोरखपुर में एक्सीडेंट में मारे गये एक बच्चे के संबंध में उप्र के मुख्यमंत्री द्वारा फैलाये गये झूठ का भंडाफोड़ सीसीटीवी के वीडियो से हो गया है तो अब वो बौखला गये हैं और पूरी दुनिया में बदनाम होने की हताशा से अब हमारे पीडीए कार्यकर्ताओं के घर-परिवार को परेशान कर रहे हैं।
हम अपने साहसी कार्यकर्ताओं से कहेंगे कि वो इस जुल्म और नाइंसाफी से डरें नहीं क्योंकि अब बस दो-तीन महीनों के मेहमान मुख्यमंत्री जी की शक्ति बची ही कितने दिनों की है। ये बुरी तरह हारकर हमेशा के लिए हटनेवाले हैं, इसीलिए हताशा में ऐसे उत्पीड़न पर उतारू हैं।
दरअसल इतनी कमजोर स्थिति तो आज तक किसी मुख्यमंत्री की नहीं हुई है कि :
- - दिल्लीवाले इनको अपने दरबार में बुलवाकर हाज़िरी लगवा रहे हैं;
- - उन्हीं के शहर के, उन्हीं के दल के प्रदेश अध्यक्ष अलग दल बनाने की साज़िश करने पर उन्हें धमका रहे हैं;
- - प्रदेश संगठन उनकी बनाई प्रत्याशियों की लिस्ट को फर्जी बताने के लिए ‘नकार-पत्र’ पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करवा रहा है।
- - उनके साथ उनके अपने ही दल के 10 विधायक भी नहीं हैं;
- - नौकरशाही और पुलिस महकमे में कुछ गिने-चुने महाभ्रष्ट सजातीय अधिकारियों को छोड़कर इनके अन्याय और जुल्म में कोई साथ नहीं दे रहा है;
- - इनकी अपनी ही सरकार के उप मुख्यमंत्री इनकी बात को काटते हुए कह रहे हैं कि कोई वोट नहीं कटा है;
- - उप्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी तक इनकी बात को ये कहकर नकार रहे हैं कि हम तो धर्म पर आधारित कोई आंकड़ा देते ही नहीं हैं;
- - जनता न इनके साथ कभी थी न आज है। लखनऊ के अग्निकांड में युवा मृतक की माँ के साथ किये गये इनके दुर्व्यवहार की वजह से अब पूरे प्रदेश की महिलाएं इनके ख़िलाफ़ हो गई हैं;
- - युवाओं को इनकी आरक्षण विरोधी, नौकरी विरोधी दक़ियानूसी-रूढ़िवादी सोच कभी नहीं पसंद थी, अब तो और भी नहीं है;
- - निवेशक 5% एडवांस कमीशन वसूली से परेशान हैं और ठेकेदार 50% एडवांस से। हर निर्माण में अपार कमीशनख़ोरी के परिणाम और प्रमाण धंसते हाईवे, गिरती पानी की टंकियों व पुलों में जनता देख रही है। दुकानदार, व्यापारी, कारोबारी इनके टैक्स अधिकारियों और थानों की वसूली से बुरी तरह त्रस्त हैं।
- - इनके राज में थाना, कचहरी, तहसील के महाभ्रष्टाचार का गोरखधंधी गिरोह जनता को लूट-खसोट रहा है।
- - पीडीए समाज 2024 व 2026 के चुनावों में इनको हराकर अपनी एकजुटता दिखा चुका है।
- - प्राध्यापकों, पत्रकारों, अधिकारियों व वकीलों के साथ इनके अशोभनीय व्यवहार की वजह से बुद्धिजीवी इनके साथ नहीं है और इन्हें ‘हाता नहीं भाता है’।
- - यश भारती सम्मान बंद करने से कोई भी प्रतिभावान कलाकार, रचनाकार, पेशेवर डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, खिलाड़ीआदि इनके साथ नहीं है।
- - किसान की बोरी में चोरी करने व खाद की लाइन में लगाने और छुट्टा पशुओं के कारण रात भर पहरा देने के लिए जगाने के कारण गांव-ग्रामीण इनको हराने के लिए लामबंद हैं , मजदूर व श्रमिक इनके विरुद्ध सड़कों पर उतर चुके हैं।
- अब तो इनके ‘क़ानून-व्यवस्था’ के झूठे प्रचार की भी कलई खुल गई है। पूरा उत्तर प्रदेश देख रहा है कि मुख्यमंत्री जी ने सरेआम हत्या करनेवाले ‘जेल में बंद अपराधी’ को ‘अच्छे आचरण’ के नाम पर बाहर निकाला है। जिसने सरेआम क़ानून-व्यवस्था की गोलियों से धज्जियां उड़ाई हों, उसका आचरण अच्छा कैसे हो सकता है। याद रहे मुख्यमंत्री जी ने ख़ुद पर से भी मुक़दमे हटाए थे। सत्ता-सजातीय माफ़ियाओं पर डर के मारे इनकी घिग्घी बंध जाती है क्योंकि आधे से ज़्यादा सजातीय माफ़िया ही इनके अहंकारी दुर्व्यवहार से अंदर-ही-अंदर इनके ख़िलाफ़ हो गये हैं। इनके फ़र्ज़ी एनकाउंटर व हिरासत में पीडीए को मरवाने से, दलितों व महिलाओं पर अत्याचार-अपराध में उप्र के नंबर एक बन जाने से, STF में एक ही जाति के लोगों का पोस्ट करने से, बुलडोज़र के व्यवस्था की जगह अव्यवस्था का प्रतीक बन जाने से, थानों को ‘भ्रष्टाचार का भट्टा’ बनाने के कारण अब जनता कह रही है कि *अपराध जिनकी कार्यशैली का हिस्सा है, वो क्या क़ानून-व्यवस्था सुधारेंगे।* इस बार भाजपा इनके क़ानून-व्यवस्था के पूरी तरह बर्बाद और फ़ेल होने के कारण ही चुनाव हारेगी, इसीलिए पूरी भाजपा और उसके प्रत्याशी मिलकर इन्हें हटाना चाहते हैं।
अखिलेश यादव बोले- प्रभावहीन हो चुके हैं मुख्यमंत्री
उन्होंने आगे कहा कि ये तो इतने प्रभावहीन हो चुके हैं कि भगवान राम और भगवान कृष्ण को अपशब्द कहनेवालों दूसरे राज्यों से आये हुए एक दुष्मुखी के कार्यक्रम तक नहीं रुकवा पा रहे हैं, उसके विरुद्ध कोई कार्रवाई करना तो बहुत दूर की बात है। ये तो किसी के ‘लघु-बंधु’ के सामने इतने नतमस्तक हैं कि उनके किसी अगले कार्यक्रम में दंडवत् प्रणाम करते न मिल जाएं। कोई बाहर से आकर इनको मंचों से सरेआम चुनौती-सी दे रहा है लेकिन ये बेचारे किसी बलहीन जैसे लाचार-असहाय हो गये हैं।
धर्म-प्रधान लोग अयोध्या के राम मंदिर में चोरी करनेवालों को बचाने के लिए, इनके द्वारा झूठी क्लीन चिट दिये जाने के कारण इनके इस अधर्मी व्यवहार से बेहद निराश-ख़फ़ा हैं; साथ ही काशी में राजमाता देवी अहिल्याबाई जी की शिवलिंग हाथ में ली हुई प्रतिमा के अपमान व मणिकर्णिका घाट के पौराणिक महत्व पर चोट करने व महाकुंभ में शंकराचार्य जी और बटुक के अपमान तथा महाकुंभ के महा-भ्रष्टाचार व महाकुंभ में इनकी दुर्व्यवस्था के कारण मारे गये लोगों के मामले में झूठ बोलने से भी आक्रोशित हैं… मृतकों के बारे में झूठ बोलने की इनकी आदत बहुत पुरानी है…
अब इनका साथ देने के लिए बचा ही कौन है सिवाय 2 करोड़ से भी अधिक के प्रतिदिन के झूठे प्रचार के। ये अपनों के ही निशाने पर हैं और जनता द्वारा पूरी तरह बहिष्कृत किये जा चुके हैं।
बेहद कमज़ोर हो चुके ये मुख्यमंत्री जी जाते-जाते अब लोगों को सता रहे हैं। इसका मतलब साफ़ है कि अपने झूठ पकड़े जाने की खिसियाहट मिटा रहे हैं और वो हमेशा के लिए जा रहे हैं, साथ ही भविष्य में अपने किये की सज़ा पाने के बारे में सोच-सोचकर घबरा रहे हैं।
