यूपी: भाजपा के आठों राज्यसभा उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन, सीएम योगी भी रहे मौजूद
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के आठों उम्मीदवार मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी प्रत्याशी विधानसभा जाकर नामांकन दाखिल करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता भी नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगे। मतदान 16 अक्तूबर को होगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के सभी आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार को विधानभवन पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। नामांकन से पहले सभी प्रत्याशी भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
भाजपा ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। इनमें धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं।
#WATCH लखनऊ, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश से आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के 8 उम्मीदवारों ने लखनऊ में विधानभवन में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद थे। https://t.co/GO5nVE8rmg
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 6, 2026
प्रदेश मुख्यालय से विधानसभा तक दिखा उत्साह
मंगलवार सुबह आठों प्रत्याशी भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुट गए। ढोल-नगाड़ों के साथ प्रत्याशियों का स्वागत किया गया। इसके बाद सभी उम्मीदवार समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ विधानभवन के लिए रवाना हुए।
नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को होगा।
सपा ने नहीं उतारा तीसरा उम्मीदवार
राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवाणी पहले ही नामांकन कर चुके हैं। मंगलवार को अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि सपा तीसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारेगी। इससे उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव का मौजूदा समीकरण और स्पष्ट हो गया है।