यूपी: मिशन 2027 की तैयारी में भाजपा, कल लखनऊ में जुटेंगे दिग्गज, अमित शाह की मौजूदगी में बनेगी चुनावी रणनीति
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा 30 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बैठक का उद्घाटन करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन करेंगे। बैठक में सहयोगी दलों के साथ समन्वय, संगठन की चुनौतियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले सहयोगी दलों के बदलते तेवरों पर नजर बनाए हुए है। खासकर निषाद पार्टी के बदले सुरों ने पार्टी को असहज किया है। वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में लगातार जारी बगावत भी एनडीए के लिए मुश्किल का सबब बन सकती है। गोरखपुर में भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी का खुलेआम समर्थन कर अपना रुख साफ कर दिया है। अब 30 अक्तूबर को राजधानी आ रहे केंद्रीय मंत्री अमित शाह सहयोगी दलों के साथ समन्वय कर सकते हैं।
दरअसल, विधानसभा चुनाव के नजदीक आने के साथ एनडीए के कुछ दल दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने तो दिल्ली में आयोजित रैली में अलग राह चुनने की चेतावनी तक दे दी है। वहीं, समाजवादी पार्टी लगातार सुभासपा के नेताओं को अपने पाले में कर ओमप्रकाश राजभर की सियासी जमीन कमजोर करने की कवायद में लगी है।
हालांकि चुनाव में अभी करीब तीन माह का समय होने की वजह से सियासी समीकरण बदलने की संभावना भी जताई जा रही है। खासकर भाजपा के लिए चाणक्य की भूमिका का निर्वहन करने वाले केंद्रीय मंत्री अमित शाह यूपी में चुनावी प्रबंधन के साथ एनडीए के दलों को छिटकने से बचाने की रणनीति बना सकते हैं।
कई जगह असंतोष के सुर
दरअसल, भाजपा ने एमएलसी और राज्यसभा चुनाव में तमाम नए प्रत्याशी उतारे जिसकी वजह से कई जगहों पर असंतोष के सुर उठने लगे हैं। गोंडा के तमाम नेताओं का सपा में शामिल होना चुनावी गणित बिगाड़ सकता है। गोंडा में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी टिकट नहीं मिलने पर कहीं और अपना ठिकाना बना सकते हैं।
यही वजह है कि भाजपा अब अन्य दलों को एनडीए में शामिल कर अपनी जीत का रास्ता तैयार करने में जुट गई है। हाल ही में जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मुलाकात को इस कवायद का हिस्सा माना जा रहा है।
बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 अक्टूबर को डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में होगी। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी के प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विधानसभा का रोडमैप तैयार करेंगे। इस बैठक का उद्घाटन अमित शाह करेंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका समापन करेंगे।
बीजेपी के कई पदाधिकारी होंगे शामिल
कार्य समिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, स्थाई आमंत्रित सदस्य, लोकसभा और राज्य सभा सदस्य, लोकसभा 2024 के प्रत्याशी, विधान सभा और विधान परिषद सदस्य, 2022 के प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, प्रदेश माहमंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिलाध्यक्ष जिला प्रभारी और विभिन्न विभागों और मोर्चाओं के पदाधिकारी शामिल होंगे।
यूपी चुनाव से पहले अहम बैठक
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। विधान परिषद के नतीजों ने कहीं न कहीं बीजेपी को झटका दिया है। ऐसे में पार्टी इस बैठक में अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए बेहतर रणनीति बनाने की कोशिश करेगी। इसके साथ ही विपक्ष के नैरेटिव को काउंटर करने के लिए भी बेहतर प्लान बनाएगी।