सिपाही भर्ती: पहली पाली की परीक्षा संपन्न, अभ्यर्थियों ने साझा किए अनुभव, 28 लाख अभ्यर्थी हो रहे शामिल
UP Constable Recruitment Exam: तीन दिन चलने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो गई है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10-12 बजे तक चली। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। आगे पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन आज से शुरू हो गया है। सोमवार से बुधवार तक लिखित परीक्षा रोजाना दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसमें करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। अब तक 16 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड किए हैं।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि परीक्षा के सकुशल आयोजन के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। सभी नोडल अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों तक सही प्रश्न पत्र भेजने की जिम्मेदारी दी गई है। रविवार शाम से ही सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सोमवार को परीक्षा के पहले दिन कड़ी चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश करने दिया जाएगा। इससे पहले उनके आधार कार्ड का सत्यापन और ई-केवाई की प्रक्रिया भी होगी। अभ्यर्थियों को आइरिस जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति दी जाएगी। वहीं स्थानीय पुलिस और एसटीएफ संदिग्धों पर नजर रखने के साथ धरपकड़ करेगी। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वह जूते के बजाय चप्पल पहनकर आएं।
28.65 लाख अभ्यर्थियों ने किया है आवेदन
परीक्षा केंद्रों के आसपास के इलाके में भी सतर्कता बरती जाएगी। बोर्ड के अपर सचिव भर्ती सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि तीन दिन तक होने वाली परीक्षा की प्रत्येक पाली में करीब 4.90 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। बता दें कि सिपाही बनने के लिए करीब 28.65 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। सभी जिलों में परीक्षा के लिए 1183 केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं।
महिलाओं का मंडल के जिले में केंद्र
महिला अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भर्ती बोर्ड ने उनके गृह जनपद के मंडल वाले जिलों में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किया है। साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान चेकिंग के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान धार्मिक चिन्हों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि पहनने पर पाबंदी नहीं रहेगी। प्रत्येक अभ्यर्थी को हाईटेक उपकरणों की जांच के बाद ही प्रवेश करने दिया जाएगा।
चारबाग व लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर बनाई हेल्पडेस्क, अतिरिक्त जवान तैनात
सोमवार से शुरू हो रही उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में उमड़ने वाली परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए चारबाग, लखनऊ जंक्शन सहित सभी रेलवे स्टेशनों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी एलर्ट मोड पर हैं। आवश्यकता पड़ने पर अन्य ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां लगाने की तैयार कर ली गई है। स्टेशन पर पुलिस हेल्प डेस्क, अतिरिक्त टिकट काउंटर बना दिए गए हैं। सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी की अतिरिक्त फोर्स के साथ पीएसी जवान भी तैनात रहेंगे।
बनेगी हेल्पडेस्क
चारबाग व लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी की ओर से हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। चारबाग जीआरपी थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह के अनुसार हेल्प डेस्क के माध्यम से परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के रास्ते की जानकारी दी जाएगी। कोई भी समस्या आने पर परीक्षार्थी बेहिचक जीआरपी की मदद ले सकते हैं।
आरपीएफ इंचार्ज भूपेंद्र सिंह डागर ने बताया कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्लेटफार्म पर अतिरिक्त जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को टिकट लेने में परेशानी न हो। एंबुलेंस व स्टेशन पर डॉक्टर की तैनाती भी रहेगी। टेम्पो और ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों से बैठक कर उन्हें हिदायत दी गई है कि परीक्षार्थियों से तय रेट ही लिए जाएं। मनमानी वसूली न की जाए। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
किराये में मिलेगी 50 फीसदी की छूट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम की बसों में यात्रा के दौरान किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न जिलों में आवागमन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सके और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत रियायती किराए का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था परीक्षा अवधि के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए लागू रहेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए रोडवेज चलाएगा अतिरिक्त बसें
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा आठ, नौ और 10 जून को प्रदेशभर में होगी। इसमें 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनकी सुविधा के लिए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है।
परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने रोडवेज के प्रबंध निदेशक पीएन सिंह को क्षेत्रीय प्रबंधकों और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को विशेष निर्देश जारी करने को कहा है। मंडल व जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। ये अधिकारी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। प्रमुख बस स्टेशनों पर परीक्षा सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन और आवश्यक जानकारी मिलेगी। परीक्षा केंद्रों तक पहुंच के लिए बसों का अस्थायी रूट डायवर्जन व अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
यात्री सुविधाएं और सुरक्षा पर फोकस
परिवहन राज्यमंत्री ने पर्याप्त बसें, चालक और परिचालक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बसों की उपलब्धता और संचालन की निगरानी वास्तविक समय में और जीपीएस प्रणाली से की जाएगी। सभी बस स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली सक्रिय रहेगी। साफ-सफाई, पेयजल और प्रसाधन जैसी यात्री सुविधाएं चौबीसों घंटे मिलेंगी। सभी बसें तकनीकी रूप से सुरक्षित होंगी और उनमें आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहेंगे।