UP: कारोबार में निवेश के नाम पर इंजीनियर से 90 लाख रुपये ठगे, हाथ में थमाए नकली जेवर; बोले- सबकुछ चला गया
लखनऊ में निवेश के नाम पर सेवानिवृत्त इंजीनियर से 90 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने सराफा कारोबार में हिस्सेदारी का झांसा देकर नकली जेवर थमा दिए। वहीं साइबर ठगों ने फेसबुक आईडी हैक कर युवक से 1.85 लाख रुपये ऐंठ लिए। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू।
विस्तार
लखनऊ में बीबीडी के अनौरा कला गांव निवासी सेवानिवृत्त सरकारी इंजीनियर 67 वर्षीय राजेंद्र कुमार सिंह ने पीजीआई के तेलीबाग में रहने वाले अरविंद तिवारी व उसके परिवार पर चार लोगों पर ठगी का आरोप लगाया है। आरोपियों पर सराफ के कारोबार में निवेश करने के नाम पर 90 लाख रुपये ठगने का आरोप है। बीबीडी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
राजेंद्र का कहना है कि अक्तूबर 2024 को वह आईसीआईसी बैंक शाखा कठौता में गोल्ड लोन लेने गए थे। यहां उनकी मुलाकात अरविंद से हुई थी। उसने उनसे कहा कि उसका पारिवारिक आभूषणों का व्यापार है। अगर वह भी निवेश करें तो अच्छा मुनाफा होगा। बातों में आने पर पीड़ित ने 20 लाख रुपये अरविंद को दे दिए।
पीड़ित के घर आना जाना शुरू हो गया
धीरे-धीरे उसका, उसके पिता राजकेसर, उसकी पत्नी कंचन व बेटे यश का पीड़ित के घर आना जाना शुरू हो गया। एक दिन आरोपी ने कहा कि वह सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अर्जुनगंज में सराफ की दुकान खोलना चाहता है। निवेश कर पर वह उन्हें भी हिस्सेदार बना लेगा। ऐसे में राजेंद्र एक बार और झांसे में आ गए।
उन्होंने बेटे सर्वजीत के नाम पर 70 लाख का लोन लिया और अरविंद को दे दिया। पीड़ित ने बताया कि रकम के बदले आरोपी ने उनके पास सुरक्षा के तौर पर सोने के गहने गिरवी रखे थे। मगर न तो पीड़ित को मुनाफा मिला और न निवेश की गई रकम। आरोपी ने पीड़ित की कॉल और मेसेज का जवाब तक देना छोड़ दिया।
राजेंद्र का कहना कि जब वह अरविंद की दुकान पहुंचे तो उन्हें वहां राजकेसर मिले। पूछताछ करने पर आरोपी ने अरविंद का दुकान से कोई लेना-देना नहीं होने की बात कह वहां से उन्हें भगा दिया।
ऐसे में आरोपी ने जो जेवर पीड़ित को गिरवी रखे थे जब वह उसे बेचने गए तो पता चला कि सभी नकली हैं। परेशान होकर राजेंद्र ने बीबीडी पुलिस से शिकायत। इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर अरविंद, राजकेसर, कंचन और यश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
साइबर जालसाजों ने युवक से 1.85 लाख ठगे
साइबर ठगों ने बीते दिनों एक युवक की फेसबुक मैसेंजर आईडी हैक कर सरोजनीनगर निवासी उसके दोस्त से 1.85 लाख रुपये की ठगी कर ली। जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। सरोजनी नगर के स्कूटर इंडिया चौराहा निवासी पीड़ित अजय कुमार के मुताबिक, बीती 7 फरवरी को दोपहर करीब 12:40 बजे उसके फेसबुक मैसेंजर पर ‘सलाहुद्दीन’ नाम की आईडी से उसे एक मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को सऊदी अरब में फंसा बताकर इमीग्रेशन वीजा के लिए तत्काल पैसों की मदद मांगी और भारत लौटकर रकम वापस करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद मैसेज भेजने वाले ने मैसेंजर पर ‘हाफिज जी’ नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर भेजकर बातचीत करने को कहा। इस पर अजय कुमार ने हाफिज जी नामक व्यक्ति से बात करने के बाद भरोसे में आकर बताए गए बैंक खातों में कुल 1,85,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में पता चला कि उनके परिचित की फेसबुक आईडी हैक कर यह ठगी की गई है। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि पीड़ित अजय की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।