यूपी: सीतापुर में युवक की हत्या, जंगल में कुटिया बनाकर रहता था, धारदार हथियार से किया हमला
सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र में जंगल की कुटिया में रहने वाले 47 वर्षीय झपटे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उनके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। परिजनों ने गांव के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया।
विस्तार
सीतापुर में संदना थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर तेंदुआ गांव के पूरब जंगल में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी झपटे (47) के रूप में हुई है। उनके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, झपटे गांव के बाहर जंगल में कुटिया बनाकर रहते थे। बृहस्पतिवार सुबह जंगल में उनका शव पड़ा होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी
सूचना मिलने पर संदना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि झपटे की हत्या की गई है, हालांकि वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।