यूपी: ऑपरेशन के दौरान घुंघरू बजाता रहा मरीज, डॉक्टर भी हुए हैरान; पढ़िए लखनऊ में कैसे हुई अनोखी सर्जरी
लखनऊ के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में मऊ निवासी 23 वर्षीय अविनाश सिंह के ब्रेन ट्यूमर का जटिल ऑपरेशन सफल रहा। सर्जरी के दौरान मरीज को होश में रखा गया और वह लगातार घुंघरू बजाता रहा। वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. विनोद तिवारी की टीम ने मस्तिष्क की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए ऑपरेशन किया।
विस्तार
लखनऊ में चिकित्सा जगत में आधुनिक तकनीक, चिकित्सकीय दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता का एक अनूठा उदाहरण लखनऊ के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में देखने को मिला। यहां मऊ निवासी 23 वर्षीय अविनाश सिंह (पुत्र भूपेंद्र सिंह) के ब्रेन ट्यूमर का एक जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस सर्जरी की सबसे खास बात यह रही कि ऑपरेशन के दौरान मरीज को होश में रखा गया और उसकी न्यूरोलॉजिकल गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। इस दौरान, मरीज घुंघरू बजाता रहा, जबकि डॉक्टर ब्रेन ट्यूमर का ऑपरेशन करते रहे।
ब्रेन ट्यूमर की इस तरह की सर्जरी अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है, क्योंकि इसमें मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्सों को सुरक्षित रखते हुए मरीज की शारीरिक गतिविधियों और न्यूरोलॉजिकल कार्यों की निरंतर निगरानी करना आवश्यक होता है। इसी चुनौती को देखते हुए, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विशेष सतर्कता और कुशलता के साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
वरिष्ठ न्यूरोसर्जन के नेतृत्व में हुई सर्जरी
पुष्पांजलि हॉस्पिटल और एडवांस न्यूरो एंड जनरल हॉस्पिटल के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. विनोद तिवारी के नेतृत्व में यह ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के दौरान मरीज की स्थिति और उसकी आवश्यक शारीरिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। डॉक्टरों की टीम ने पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ इस जटिल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।
ऑपरेशन टीम में सर्जन के रूप में डॉ. विनोद तिवारी, एनेस्थेटिस्ट के रूप में डॉ. आलोक सिंह तथा ओटी टेक्नीशियन के रूप में प्रमोद सिंह, जतिन और रुचि कश्यप शामिल रहे। इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने में अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. हरेंद्र यादव, सीईओ डॉ. विवेक कुमार गुप्ता और डॉ. स्वाति यादव का विशेष सहयोग रहा।
