यूपी: झाड़ू लगाने से उखड़ी सड़क, जेई निलंबित, एई-एक्सईन के खिलाफ जांच के आदेश; ब्लैक लिस्ट होगा ठेकेदार
कौशाम्बी में झाड़ू लगाने से सड़क की परत उखड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद पीडब्ल्यूडी ने कार्रवाई की है। अवर अभियंता श्रीराम देवसी पाल को निलंबित कर दिया गया। सहायक और अधिशासी अभियंता के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। संबंधित ठेकेदार को नोटिस देकर ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी है।
विस्तार
कौशाम्बी में सड़क पर झाड़ू लगाने से उसकी ऊपर परत (पीसी) के उखड़ने के मामले पर कड़ी कार्रवाई की गई है। पीडब्ल्यूडी विभागाध्यक्ष एके द्विवेदी ने अवर अभियंता श्रीराम देवसी पाल को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ नियम-7 के तहत जांच के आदेश दे दिए गए हैं, जिसमें बर्खास्तगी तक का प्रावधान है। ठेकेदार मेसर्स कामधेनु कंस्ट्रक्शन को भी सड़क की खराब गुणवत्ता के लिए नोटिस दे दिया गया है। ठेकेदार को काली सूची में डालने की तैयारी है।
कौशाम्बी में सिराथू धाता से जवई पढ़री मार्ग का नवीनीकरण कराया गया था। इसकी गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। झाड़ू से सड़क उखड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की जांच कराई गई थी। सहायक अभियंता राकेश कुमार और अधिशासी अभियंता दया शंकर के खिलाफ भी उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के नियम 10(2) के तहत अनुशासनात्मक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।