यूपी: कम नहीं हुए श्रद्धा दुबे के तेवर, कोतवाली में जाते समय रैंप वॉक के शो-स्टॉपर की तरह हाथ हिलाती दिखी
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का डांडिया महोत्सव में वीवीआईपी अतिथि बनने का पोस्टर वायरल हुआ है। पोस्टर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। श्रद्धा के राजनीति में किस्मत आजमाने, मॉडलिंग करियर और आमिर से संबंधों की चर्चा है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
विस्तार
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह हजरतगंज कोतवाली में दाखिल होते समय हाथ हिलाती नजर आ रही है। उसके इस अंदाज की तुलना रैंप वॉक के दौरान शो-स्टॉपर के हाथ हिलाने से की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद गाड़ी में बैठने को लेकर भी श्रद्धा का रवैया चर्चा में है।
दरअसल, नागपुर से गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को पुलिस बुधवार को लेकर लखनऊ पहुंची। तीनों को हजरतगंज कोतवाली लाया गया। जहां उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।मेडिकल जांच के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोतवाली में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि श्रद्धा पुलिस से बचने के लिए बुर्के में रहती थी, टैक्सी का इस्तेमाल करती थी और किसी एक जगह पर ज्यादा देर तक नहीं रुकती थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद श्रद्धा गाड़ी में पीछे बैठने से मना कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह आगे की सीट पर बैठना चाहती थी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पीछे बैठाया।
11 दिन से फरार थी श्रद्धा
श्रद्धा दुबे को मंगलवार को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने नागपुर से गिरफ्तार किया। उसके साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश को भी पकड़ा गया। शिवा शर्मा की मौत के मामले में तीनों 11 दिन से फरार चल रहे थे।
बहराइच के रास्ते नेपाल पहुंचने का दावा
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को हजरतगंज थाने में रंजना शर्मा की लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से श्रद्धा, रश्मि और दानिश की तलाश की जा रही थी। पुलिस का दावा है कि फरारी के दौरान श्रद्धा लखनऊ से सीतापुर होते हुए बहराइच के रास्ते नेपाल पहुंच गई थी। 18 अक्टूबर को उसके उत्तर प्रदेश लौटने की जानकारी सामने आई थी।
एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि श्रद्धा को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर लखनऊ की अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, श्रद्धा ने एक इंटरव्यू में शिवा की हत्या करने से इनकार किया था। उसका दावा था कि शिवा उसकी आंखों के सामने इमारत की चौथी मंजिल से कूदा था। मामले में पुलिस की जांच जारी है।