UP: नेपाल से पुणे-मुंबई ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, 1.20 करोड़ की 600 ग्राम ड्रग्स बरामद
विशेष कार्यबल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन और नेपाली मुद्रा बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की आपूर्ति का खुलासा हुआ है। मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेपाल से ब्राउन शुगर पुणे व मुंबई सप्लाई की जा रही थी। बृहस्पतिवार रात एसटीएफ और इटौंजा पुलिस की संयुक्त टीम ने ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 1.20 करोड़ रुपये कीमत की ब्राउन शुगर बरामद हुई है।
एसीपी बख्शी का तालाब विकास पांडेय ने बताया कि इटौंजा टोल प्लाजा के पास बीती रात एसटीएफ और इटौंजा पुलिस की संयुक्त टीम ने बाइक सवार दो तस्करों, लखीमपुर खीरी के तिकुनिया क्षेत्र के कढ़िया निवासी प्रकाश और खैरतिया-कुवायुदियाला गांव निवासी आकाशदीप सिंह को गिरफ्तार किया।
पुणे व मुंबई में ऊंचे दामों पर बेचते थे
उनके पास से 600 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, 100 रुपये का एक नेपाली नोट और 50 रुपये का एक नेपाली नोट बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल से ब्राउन शुगर खरीदकर लाते थे और उसे पुणे व मुंबई में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि वे लखनऊ से मुंबई तक ट्रेन से जाने वाले थे। पुलिस आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन की मदद से तस्करी के धंधे से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।