{"_id":"67acb70a6b199eada20d4ccb","slug":"devotees-took-a-holy-dip-on-magh-purnima-in-amarkantak-anuppur-news-c-1-1-noi1222-2621191-2025-02-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Anuppur News: अमरकंटक में माघ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, हुए धार्मिक अनुष्ठान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Anuppur News: अमरकंटक में माघ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, हुए धार्मिक अनुष्ठान
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, अनूपपुर
Published by: अनूपपुर ब्यूरो
Updated Wed, 12 Feb 2025 09:34 PM IST
विज्ञापन
सार
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माघ मास का अत्यधिक आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व है। इस मास में शीतल जल में स्नान करने से व्यक्ति पापमुक्त हो जाता है। माघी पूर्णिमा पर गंगा, गोदावरी, नर्मदा, कावेरी, कृष्णा, क्षिप्रा, सरस्वती, ब्रह्मपुत्र जैसी पवित्र नदियों में स्नान करने से पुण्य लाभ प्राप्त होता है।
नर्मदा नदी में स्नान करते श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
पवित्र नगरी अमरकंटक में बुधवार को माघी पूर्णिमा के शुभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नर्मदा तीर्थकोटी कुंड एवं रामघाट में आस्था की डुबकी लगाई। भक्तों ने मां नर्मदा नदी में स्नान कर दीपदान किया एवं सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान नर्मदा उद्गम स्थल एवं स्नान घाट नर्मदे हर के जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर मां नर्मदा के दर्शन किए और पूजन-अर्चन के पश्चात गरीबों, निराश्रितों और ब्राह्मणों को तिल, गुड़, कंबल एवं वस्त्र दान किए। हालांकि इन दिनों प्रयागराज महाकुंभ में गंगा स्नान की वजह से हर वर्ष की भांति श्रद्धालुओं की संख्या कम देखी गई।
Trending Videos
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माघ मास का अत्यधिक आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व है। इस मास में शीतल जल में स्नान करने से व्यक्ति पापमुक्त हो जाता है। माघी पूर्णिमा पर गंगा, गोदावरी, नर्मदा, कावेरी, कृष्णा, क्षिप्रा, सरस्वती, ब्रह्मपुत्र जैसी पवित्र नदियों में स्नान करने से पुण्य लाभ प्राप्त होता है। मान्यता है कि इस दिन श्रीहरि विष्णु स्वयं गंगाजल में निवास करते हैं, जिससे गंगा स्नान का विशेष महत्व बढ़ जाता है। माघ पूर्णिमा के दिन चंद्रमा मघा नक्षत्र और सिंह राशि में स्थित होता है, इसलिए इस तिथि को विशेष पुण्यकारी माना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
धार्मिक अनुष्ठान एवं आयोजन
इस शुभ अवसर पर अमरकंटक के विभिन्न मंदिरों, आश्रमों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भंडारा और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। नर्मदा मंदिर के पुजारी उमेश द्विवेदी (बंटी महाराज) के अनुसार, माघ मास स्नान के लिए अत्यंत पुण्यदायी होता है। गंगा और नर्मदा सहित अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से अनंत गुना पुण्य प्राप्त होता है। इस दिन किए गए दान से समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। जो श्रद्धालु एक महीने तक कल्पवास करते हैं, उनके व्रत की पूर्णता भी माघी पूर्णिमा पर होती है। शास्त्रों के अनुसार, कार्तिक, माघ और वैशाख – इन तीन महीनों में स्नान करना अत्यंत शुभ माना गया है।माघी पूर्णिमा पर नर्मदा स्नान से व्यक्ति को पूरे माह स्नान करने के बराबर पुण्य प्राप्त होता है, जिससे भगवान लक्ष्मी-नारायण की कृपा प्राप्त होती है और सभी इच्छाएं पूर्ण होती हैं।
इस पावन पर्व पर दूर-दूर से श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचे और मां नर्मदा नदी में स्नान कर आत्मिक शांति एवं मोक्ष की प्राप्ति की कामना की। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों, दान-पुण्य एवं भजन-कीर्तन से अमरकंटक की पवित्र धरा भक्तिमय हो गई।

नर्मदा नदी में स्नान करते श्रद्धालु

कमेंट
कमेंट X