Anuppur: पुलिस से बचने के लिए भगाई कार पेड़ से टकराई, अनूपपुर में करोड़ों का गांजा पकड़ाया; एक तस्कर गिरफ्तार
रामनगर पुलिस ने 1 करोड़ से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया है, छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्य प्रदेश में यह गांजा खपाने के लिए लाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अनूपपुर के रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार में गांजा तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन से करीब 225 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 1.12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
यह है पूरा मामला
थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार क्रमांक MP 19 C 0003 T में गांजा लोड कर छत्तीसगढ़ के मरवाही क्षेत्र से शहडोल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम फुलवारीटोला मार्ग पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार में कार भगाने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद कार में सवार एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
पढ़ें: कैंसर की पीड़ा से टूटा हौसला, रिटायर्ड शिक्षा विभाग कर्मचारी ने मारी खुद को गोली; मौत
कार के भीतर पैकेटों में भरा था गांजा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित मिश्रा उर्फ बेटू (23) निवासी शांतिनगर, तुलसी कॉलेज के पास, थाना कोतवाली अनूपपुर के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को पैकेटों में रखा कुल 225.740 किलोग्राम अवैध गांजा मिला। नारकोटिक विंग इंदौर के परिपत्र के अनुसार जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त कार, दो मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की है।
18 दिन पहले खरीदी गई थी कार
जांच में यह भी सामने आया है कि गांजा परिवहन में इस्तेमाल की गई कार महज 18 दिन पहले, 29 अप्रैल को खरीदी गई थी। पुलिस वाहन मालिक और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामनगर सुमित कौशिक सहित विनोद नाहर, संतोष पट्टा, उमेश तिवारी, सनत द्विवेदी, अमित पटेल और राहुल प्रजापति की अहम भूमिका रही।

कमेंट
कमेंट X