Bhopal News: हाई-प्रोफाइल पार्टियों में विदेशी शराब सप्लाई करने वाला गिरोह बेनकाब, पति-पत्नी समेत चार गिरफ्तार
भोपाल में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में विदेशी शराब की अवैध सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मुख्य सरगना पति-पत्नी समेत चार तस्करों को गिरफ्तार कर 552.75 लीटर अवैध विदेशी शराब, चार लग्जरी वाहन और एक स्कूटी जब्त की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भोपाल के पॉश इलाकों और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में विदेशी शराब की अवैध सप्लाई करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का आबकारी विभाग ने पर्दाफाश किया है। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना पति-पत्नी समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बिना लेबल वाली 552.75 लीटर अवैध विदेशी शराब, एक थार समेत चार लग्जरी कारें और एक स्कूटी जब्त की गई है। जब्त शराब और वाहनों की कुल कीमत 60 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पंचवटी से शुरू हुई घेराबंदी, त्रिलंगा में मिला बड़ा जखीरा
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि पिछले 15 दिनों से शहर में विदेशी शराब की अवैध सप्लाई की सूचना मिल रही थी। सटीक मुखबिरी और रेकी के बाद आबकारी टीम ने गांधीनगर स्थित पंचवटी कॉलोनी में दबिश दी। सादे कपड़ों में तैनात टीम ने मुख्य आरोपी राहुल उर्फ रवि यादव को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसकी कार से 81 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई। रवि से कड़ी पूछताछ के आधार पर टीम ने उसके त्रिलंगा स्थित विकासकुंज निवास पर छापा मारा। वहां उसकी पत्नी प्रीति यादव के कब्जे से शराब की पेटियां और घर के बाहर खड़ी तीन कारों में छिपाकर रखी गई 411.75 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
पूछताछ में सामने आए दो और आरोपी, कैमरों से मुंह छिपाती रही प्रीति
पति-पत्नी से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार सुबह टीम ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों चंचल साहू और अनिकेत शाक्य को भी गिरफ्तार कर लिया। अनिकेत को बरखेड़ा क्षेत्र में स्कूटी पर शराब की छह पेटियां ले जाते समय पकड़ा गया। आरोपी प्रीति यादव मीडिया के कैमरों से मुंह छिपाकर रोती नजर आई, जबकि अन्य आरोपी भी अपना चेहरा छिपाते रहे।
ये भी पढ़ें- खेत बना मौत का मैदान: पन्ना में जहरीले सियार के शव को खाने से आठ गिद्धों की मौत की आशंका; वन विभाग में हड़कंप
अरेरा कॉलोनी और चार इमली की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में होती थी सप्लाई
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह मुख्य रूप से भोपाल के अरेरा कॉलोनी और चार इमली जैसे संभ्रांत इलाकों में आयोजित निजी और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में विदेशी शराब की सप्लाई करता था। जब्त शराब जहाजों के माध्यम से भारतीय बंदरगाहों तक पहुंचाई जाती थी, लेकिन उस पर नियमानुसार राज्य स्तरीय लेबलिंग नहीं की गई थी। आशंका है कि यह खेप आगरा और ग्वालियर के रास्ते भोपाल लाई जाती थी। फिलहाल आबकारी विभाग आरोपियों से उनके नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और खरीदारों के संबंध में गहन पूछताछ कर रहा है।
