Datia News: नाली पाइप विवाद में हवाई फायरिंग, दो युवकों पर केस; घटना का वीडियो वायरल
Datia News: दतिया के कोतवाली थाना क्षेत्र में नाली के पाइप को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर कट्टे से हवाई फायरिंग करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी फिलहाल फरार हैं।
विस्तार
दतिया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नाली के पाइप को लेकर हुआ विवाद बुधवार रात उस समय बढ़ गया, जब दो युवकों ने कथित तौर पर कट्टे से हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पाइप बंद करने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार बड़े फव्वारा के पास ठंडी सड़क क्षेत्र निवासी अरविंद परमार (33) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके घर से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए सड़क के नीचे पाइप डाला गया है, जिससे नाली का पानी बाहर निकलता है। आरोप है कि मोहल्ले में रहने वाले सोनू उर्फ दिनेश श्रीवास्तव और रवि अहिरवार ने किसी बात को लेकर उस पाइप को बंद कर दिया, जिससे उनके घर के सामने पानी भरने लगा।
जेसीबी से पाइप खुलवाने पर बढ़ा विवाद
पीड़ित के अनुसार समस्या बढ़ने पर उन्होंने अपने परिचित मकसूद अली उर्फ बंटी के साथ मिलकर जेसीबी मशीन की मदद से पाइप को दोबारा खुलवाया। इसी बात से नाराज होकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया।
कट्टे से हवाई फायरिंग का आरोप
अरविंद परमार का आरोप है कि बुधवार रात करीब 10 बजे रवि अहिरवार और सोनू उर्फ दिनेश श्रीवास्तव उनके घर के सामने पहुंचे। इस दौरान रवि अपने साथ देशी कट्टा लेकर आया था। दोनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लोगों को डराने के लिए कट्टे से हवाई फायर कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि फायरिंग के बाद आरोपियों ने पाइप दोबारा खुलवाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और जान से मारने की बात भी कही। इसके बाद अरविंद परमार कोतवाली थाने पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: खाना नहीं देने पर बेटे ने की मां की हत्या, पिता और भाई-बहनों के सामने हंसिया से किया हमला
वीडियो वायरल, आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। पीड़ित और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X