Dhar Bhojshala: दो रास्ते, लोहे की चादरों की ऊंची दीवार और निगरानी के लिए वॉच टॉवर, जानें प्रशासन की तैयारी
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भोजशाला में पूजा और नमाज दोनों के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। क्षेत्र को छावनी बनाया गया, भारी पुलिसबल तैनात है, जिलाबदर व लाइन हाजिर के आदेश जारी किए गए हैं।
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट से जारी आदेश के बाद अब भोजशाला में पूजा और नमाज दोनों होंगी। प्रशासन को दोनों ही धार्मिक रूप से करवाना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसको लेकर एक माह पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गई थी। प्रशासनिक अमले ने विशेष सुरक्षा रणनीति तैयार की है। भोजशाला और उसके आसपास के क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, ताकि शांति और व्यवस्था बनी रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए भोजशाला के मुख्य प्रवेश मार्ग पर जिगजैग बैरिकेडिंग की गई है। दर्शन के लिए आने व जाने के दो अलग-अलग मार्ग तैयार किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, परिसर के पिछले हिस्से यानी विक्रम नगर गेट से लकड़ी पीठे तक लोहे की चादरों की एक ऊंची और मजबूत दीवार खड़ी की गई है। निगरानी के लिए ऊंचे वॉच टॉवर बनाए गए हैं, जहां से पुलिस जवान दूर तक नजर रख सकेंगे।
कमिश्नर पहुंचे किया निरीक्षण
इंदौर संभाग कमिश्नर डॉ. सुदामा खाड़े, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा भोजशाला परिसर पहुंचे, जहां पर तैयारियों का निरीक्षण करते हुए कमिश्नर खाड़े ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इधर इंदौर आईजी अनुराग सिंह, दो डीआईजी ग्रामीण सहित पुलिसबल को लेकर शहर में पैदल ही भ्रमण पर निकले। पुलिस अधिकारियों ने सबसे पहले शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। साथ ही इस तय रूट से नजदीक लगे संवेदनशील मोहल्लों में भी भ्रमण कर पैदल मार्च किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसबल भी मौजूद रहा।
ये भी पढ़ें- बसंत पंचमी और जुमे की नमाज के बीच धार के धैर्य की परीक्षा, इतिहास के कड़वे जख्म बढ़ा रहे चिंता
10 से अधिक लोग जिलाबदर
जिला दंडाधिकारी प्रियंक मिश्रा द्वारा पुलिस अधीक्षक जिला से प्राप्त प्रस्ताव अनुसार जिले में कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने को दृष्टिगत रखते हुए अनावेदकगण इसरार उर्फ आमिन पिता कल्लु उर्फ कालु उर्फ मुख्तियार, राज पिता मुकेश वसुनिया, विज्जु उर्फ विजय पिता राजु ऊर्फ राजकुमार, फिरोज पिता अब्दुल सलाम, यश पिता हुकुमचंद उर्फ गुडडा सोलंकी, गोपाल पिता अनिल जादव, मोईन लाला पिता फिरोज खान निवासीयान धार, समीर उर्फ कालिया पिता शब्बीर निवासी धरमपुरी, अनसिंह उर्फ अनवर पिता कालू मकवाना, बबलु पिता सातिया जाति मानकर निवासी मनावर, उमेश उर्फ कालू पिता संतोष निवासी पीथमपुर को धार एवं उससे लगे सीमावृत्ति जिले इन्दौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन एवं अलीराजपुर की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाने का निष्कासन (जिलाबदर) आदेश पारित किया गया।
थानों पर होंगे लाइन हाजिर
इसी के साथ ही चिक्की उर्फ इमानवेल पिता विनोद ब्राउन, रोहित पिता गणेश सौलंकी निवासी धार, सद्दाम पिता कालू निवासी सांभर, फारुख पिता हमीद खान निवासी सागौर, राकेश पिता अमरसिंह चौहान दिनेश पिता अमरसिंह चौहान निवासी ग्राम माकनी, विशाल पिता मुकेश जायसवाल निवासी पीथमपुर, जोसेफ पिता नसीर खान निवासी धरमपुरी को सदाचार बनाए रखने के लिए संबंधित थानों में लाइन हाजिर होने हेतु आदेश पारित किए गए। शहर के पीजी कॉलेज स्थित विधि संकाय के भवन में तीन कक्षों को रिजर्व करते हुए अस्थाई तौर पर जेल बनाई गई हैं, किसी भी प्रकार की स्थिति में अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो प्रशासन सीधे अस्थाई जेल भेजेगा। जेल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसबल भी तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें- पुलिस छावनी बना धार, 22 IPS संभालेंगे कानून व्यवस्था; CRPF की आठ कंपनियां सहित 8000 का फोर्स पहुंचा
शहर में प्रवेश के पहले होगी चेकिंग
भोजशाला सहित शहर को 6 सेक्टरों में बांटा गया है। एडीशनल एसपी, डीएसपी रैंक के कुल 65 अधिकारी इन सेक्टरों में प्रभारी के रूप में ड्यूटी करेंगे। नगर के हर चौराहे पर पुलिसबल सुबह 6 बजे से ही तैनात रहेगा। शहर के बाहरी हिस्से में पुलिस मोबाइल वाहन, संकरी गलियों में बाइक पुलिस टीम सहित पैदल जवान सतत निगरानी रखेंगे। शहर में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख नाकों पर अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। यहां तैनात जवान शहर में आने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की सघन चेकिंग करेंगे। पुलिस के मोबाइल वाहन भी पूरे शहर में लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि सुरक्षा घेरा मजबूत बना रहे। धार के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिसबल तैनात किया गया है। पिछले कुछ साल में कुक्षी, बाग, दिग्ठान, टांडा, धरमपुरी से लेकर मनावर में कई मर्तबा घटनाएं हो चुकी हैं, ऐसे में शहर के साथ प्रशासन जिले में भी पैनी नजर बनाए रखेगा। जिले के सात अनुभाग में 1200 का बल थानों तक पहुंच चुका है।
वाटर कैनन सहित व्रज वाहन आए
मध्य प्रदेश की अयोध्या कही जाने वाली धार में प्रदेश के हर इलाके से पुलिसबल आया है। धार में टीकमगढ़, दतिया, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, रीवा, मुरैना, अशोकनगर, सीहोर, सतना, पन्नार, भोपाल, दमोह जैसे जिलों से पुलिस जवान आए हैं। सीआरपीएफ की आठ कंपनी, आरपीएफ की 9 कंपनी, जिला पुलिसबल के सात हजार जवान, 500 का महिला पुलिसबल सहित यातायात विभाग की एक टीम भी धार पहुंच चुकी है। इसके साथ ही वाटर केनन वाहन, वर्ज वाहन, फायर ब्रिगेड सहित एंबुलेंस भी राऊ टॉकीज परिसर में तैनात की गई है।
ये भी पढ़ें- धार भोजशाला: सरस्वती की साधना बनाम शुक्रवार की नमाज, प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती; क्या कहता है इतिहास?
अस्पताल में एक वार्ड सुरक्षित
शुक्रवार को किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था बिगड़ने पर संबंधितों को समय पर उपचार मिल सके, इसको लेकर भी प्रशासन ने अपनी ओर से तैयारियां की हैं। मेडिकल विभाग की दो टीमें भोजशाला में रहेंगी। साथ ही भोज कन्या स्कूल के समीप चार बेड का एक रूम तैयार किया गया है, जहां पर इमरजेंसी सेवा के रूप में डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। जिला अस्पताल में एक वार्ड को आरक्षित करने के साथ ही 20 बेड की आपात व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई है, इसके साथ ही शहर के दो प्रमुख निजी अस्पताल भी स्वास्थ्य विभाग के संपर्क में रहेंगे।
प्रशासन का काम कानून व्यवस्था बनाए रखना है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच वसंत पंचमी और शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
-प्रियंक मिश्रा, कलेक्टर
भोजशाला की व्यवस्था अलग तरीके से की गई है। शहर और जिले की व्यवस्था अलग है। हर स्तर पर हम काम कर रहे हैं। आम जनता किसी प्रकार के बहकावे में नहीं आएं। पर्याप्त पुलिसबल मौजूद है। शांतिपूर्ण तरीके से सभी आयोजन होंगे। शांतिपूर्वक पर्व मनाएं।
-अनुराग सिंह, आईजी, इंदौर
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X