Guna News: बेकाबू कंटेनर पुलिया से नीचे गिरकर बना आग का गोला, ड्राइवर की जिंदा जलने से मौत; क्लीनर भी झुलसा
गुना बीनागंज बाईपास पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कंटेनर पुलिया तोड़कर नीचे जा गिरा और आग की चपेट में आ गया। हादसे में केबिन में फंसे ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुना के बीनागंज बाईपास पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने रूह कंपा दी। शिवपुरी से ब्यावरा की ओर जा रहा तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे-46 की पुलिया को तोड़ते हुए नीचे जा गिरा और पलट गया। कंटेनर पलटते ही आग का गोला बन गया। केबिन में फंसे ड्राइवर की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना चाचौड़ा थाना क्षेत्र के बीनागंज चौकी अंतर्गत बीनागंज बाईपास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजस्थान पासिंग का कंटेनर शिवपुरी की ओर से ब्यावरा-भोपाल की तरफ जा रहा था। सुबह ड्राइवर को नींद की झपकी आने से उसका नियंत्रण बिगड़ गया और भारी वाहन सीधे पुलिया की दीवार तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। देखते ही देखते पूरे कंटेनर में आग लग गई।
क्लीनर किसी तरह कूदकर बाहर निकला
हादसे के वक्त ड्राइवर स्टेयरिंग पर ही फंस गया। आग ने चंद सेकंड में पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के कारण कोई आगे नहीं बढ़ सका। कुछ ही मिनटों में ड्राइवर का शव पूरी तरह जल गया। वहीं, क्लीनर मनीष बघेल किसी तरह कूदकर बाहर निकल आया, लेकिन वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही बीनागंज चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
कंटेनर राजस्थान का बताया जा रहा
गंभीर रूप से घायल क्लीनर मनीष बघेल को पहले चाचौड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे गुना जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं केबिन में जली अवस्था में मिले ड्राइवर के शव को निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस कंटेनर के दस्तावेजों और नंबर प्लेट के आधार पर ड्राइवर की शिनाख्त करने में जुटी है। कंटेनर राजस्थान का बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- पन्ना में व्यवस्था पर सवाल: एंबुलेंस नहीं मिलने से महिला की मौत, पोस्टमार्टम में देरी पर परिजनों का हंगामा
एसडीओपी मनोज झा ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह ड्राइवर को नींद की झपकी आना या स्टेयरिंग फेल होना हो सकती है। उन्होंने कहा, “कंटेनर बहुत तेज गति में था। पुलिया के पास अचानक संतुलन बिगड़ गया। क्लीनर के होश में आने के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।” पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
