ग्वालियर में बड़ी चोरी: ताला तोड़कर ऑफिस से उड़ाए 18 लाख, पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा; 15.40 लाख बरामद
ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी की एजेंसी से करीब 18 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। चार आरोपी गिरफ्तार और एक विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में है। पुलिस ने चोरी की रकम में से 15.40 लाख रुपये बरामद किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र में निजी कंपनी की एजेंसी के ऑफिस से हुई करीब 18 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 15 लाख 40 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त की रात एजेंसी का ऑफिस बंद कर कर्मचारी घर चले गए थे। अगले दिन कर्मचारी ऑफिस पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर ड्रॉअर में रखे करीब 18 लाख रुपये और चांदी का एक सिक्का गायब मिला। इसके बाद जनकगंज थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
पढ़ें: बिना ओटीपी आरक्षक के खाते से 36 हजार उड़ाए, तरीका जानकर रह जाएंगे हैरान
जांच के दौरान पुलिस ने भारत उर्फ भूरा जाटव और जितेंद्र जाटव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। भारत के कब्जे से 6 लाख रुपये और जितेंद्र के कब्जे से 1 लाख रुपये बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी जोगेंद्र जाटव को लक्ष्मीगंज से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 1 लाख 40 हजार रुपये बरामद किए गए। वहीं, आरोपी विवेक यादव को ललितपुर से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 6 लाख रुपये बरामद हुए।
मामले में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। उसकी निशानदेही पर 1 लाख रुपये बरामद किए गए। इस तरह पुलिस अब तक चोरी की रकम में से कुल 15 लाख 40 हजार रुपये बरामद कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने रकम आपस में बांट ली थी। फिलहाल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि विधि-विरुद्ध बालक से पूछताछ जारी है।
