फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Rampage by wealthy youths in Bhopal Created a ruckus on the road for an hour overturned a car

भोपाल में रईसजादों का तांडव: एक घंटे तक सड़क पर मचाया हंगामा, कार पलटाई और स्कूल स्टाफ से मारपीट; जानें मामला

Wed, 12 Aug 2026 06:57 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: शबाहत हुसैन Updated Wed, 12 Aug 2026 06:57 PM IST
सार

भोपाल में तीन कारों में सवार युवक-युवतियों ने करीब एक घंटे तक रोडरेज करते हुए कई वाहनों को टक्कर मारी। स्कूल स्टाफ की कार पलटाकर मारपीट और अभद्रता का आरोप है। मंत्री की फटकार के बाद पुलिस ने तीन युवकों और युवती को पकड़ा।

विज्ञापन
Rampage by wealthy youths in Bhopal Created a ruckus on the road for an hour overturned a car
पीड़ित - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

राजधानी भोपाल में बुधवार सुबह करीब एक घंटे तक रोडरेज का तांडव चलता रहा। करोंद चौराहे से अयोध्या बायपास के बीच तेज रफ्तार तीन कारों में सवार युवक-युवतियों ने कई वाहनों को टक्कर मारी। इस दौरान सागर पब्लिक स्कूल के स्टाफ की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारकर पलटा दिया गया। कार में सवार कर्मचारियों के साथ मारपीट और महिला स्टाफ से अभद्रता व छेड़छाड़ के प्रयास का भी आरोप है।

विज्ञापन

घटना के दौरान पीड़ितों ने डायल-112 पर कई बार सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। मामले की जानकारी मंत्री विश्वास सारंग तक पहुंची तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके बाद निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों तथा एक युवती को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

विज्ञापन

पीछे से टक्कर मारकर पलटाई कार
जानकारी के मुताबिक, सागर पब्लिक स्कूल का स्टाफ बुधवार सुबह करोंद की ओर से स्कूल जा रहा था। एक कार में स्कूल कर्मचारी वलीउल्ला और सुबीर डे सवार थे। आरोप है कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने उनकी कार को टक्कर मारने की कोशिश की। खतरा भांपकर दोनों ने अपनी कार सड़क किनारे रोक दी, लेकिन पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल स्टाफ की कार पलट गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

कार से बाहर निकलने के बाद वलीउल्ला और सुबीर डे के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने पत्थर उठाकर हमला करने का प्रयास भी किया। इसी दौरान दूसरी कार से वहां पहुंचीं स्कूल की महिला स्टाफ ने विरोध किया तो उनके साथ भी अभद्रता और छेड़छाड़ का आरोप है।

बैटरी ऑटो समेत कई वाहनों को मारी टक्कर
हंगामा यहीं नहीं रुका। आरोप है कि कार सवार युवक-युवतियों ने रास्ते में बैटरी ऑटो समेत कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी। एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद रुक गई। दूसरी कार भी कुछ दूरी पर रुक गई।

इसके बाद एक कार में सवार तीन युवकों और एक युवती को लोगों ने पकड़ लिया, जबकि उनके कुछ साथी मौके से भाग गए। आरोप है कि कार से उतरने के बाद भी विवाद जारी रहा। महिला स्टाफ के विरोध करने पर युवती ने कार के शीशे तोड़ दिए। हंगामा बढ़ने पर स्कूल की महिला शिक्षिकाओं ने युवती को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस को फोन करते रहे पीड़ित, नहीं पहुंचा अमला
रोडरेज के दौरान पीड़ित स्कूल स्टाफ ने डायल-112 पर सूचना दी। आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी पुलिस काफी देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची। पीड़ित पक्ष का कहना है कि निशातपुरा थाने से फोन कर लगातार लोकेशन पूछी जाती रही, लेकिन पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे।

पढ़ें: बिना ओटीपी आरक्षक के खाते से 36 हजार उड़ाए, तरीका जानकर रह जाएंगे हैरान

पुलिस की देरी से नाराज पीड़ितों ने फोन पर मंत्री विश्वास सारंग को मामले की जानकारी दी। इसके बाद मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके बाद निशातपुरा थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तीन युवकों तथा एक युवती को हिरासत में लेकर थाने ले गया।

कॉलेज छात्र हैं हिरासत में लिए गए युवक-युवती
निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि घटना में सड़क हादसे के दौरान चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से तीन युवक और एक युवती को पकड़ा है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सभी कॉलेज छात्र हैं। इनमें कुछ के ओरिएंटल कॉलेज और जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ने की जानकारी सामने आई है। दूसरी कार में सवार उनके साथियों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, पकड़े गए युवक-युवतियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। प्रारंभिक जांच में उनके शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। मेडिकल रिपोर्ट में शराब का सेवन पाए जाने पर ड्रिंक एंड ड्राइव से संबंधित धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।

शिक्षिका ने बताई घटना की पूरी कहानी
स्कूल की शिक्षिका सोनल सिंह ने बताया कि वह मीनाल गेट से बाहर निकली थीं। कुछ दूरी पर उन्हें स्कूल कर्मचारी सुबीर और वलीउल्ला दिखाई दिए। उनके पीछे चल रही कार उन्हें टक्कर मारने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने फोन कर दोनों को सावधान किया, जिसके बाद उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे रोक दी। इसके बावजूद पीछे से आई कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर पलटा दिया। सोनल के मुताबिक, कार से बाहर निकलते ही दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और पत्थर से हमला करने का प्रयास किया गया। पुलिस अब हिरासत में लिए गए युवक-युवती से पूछताछ कर रही है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि तीनों कारों में कुल कितने लोग सवार थे और रोडरेज की शुरुआत किस वाहन से हुई। फरार बताए जा रहे अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed