Indore News: अब पूर्व स्पीकर सुमित्रा महाजन ने सीएम को लिखा पत्र, इंदौर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए मांगी जमीन
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तार का मुद्दा एक बार फिर जोर पकड़ गया है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर रनवे, टैक्सी पथ और पार्किंग के विस्तार के लिए आवश्यक जमीन जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने एयरपोर्ट के विस्तार के लिए सरकार से जमीन देने की मांग की है। इससे पहले शहर से जुड़े मुद्दे पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। उसमें भी इंदौर एयरपोर्ट का विस्तार अटकने का जिक्र किया गया था।
सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को लिखे पत्र में रनवे विस्तार और पार्किंग के लिए जमीन देने की मांग की है। महाजन ने पत्र में लिखा कि इंदौर विमान तल का निर्माण 1938 में होलकर राजवंश के समय किया गया था और आज वह प्रदेश का सबसे व्यस्त व एकमात्र अंतरराष्ट्रीय विमान तल है। समाचार पत्र में पढ़ा कि उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय विमानतल बनेगा। बहुत अच्छी बात है। अब धार्मिक पर्यटन बहुत बढ़ रहा है। हम अहिल्या माता के नगरवासी भाग्यशाली हैं। एक तरफ बाबा महाकाल, दूसरी तरफ ओंकारनाथ ममलेश्वर हैं। आगामी सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन का सर्वांगीण विकास आवश्यक ही है, इसलिए आपका धन्यवाद।
वर्षों की मेहनत से इंंदौर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बना
पूर्व स्पीकर महाजन ने सीएम से कहा कि इंदौर एक प्रकार से प्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक राजधानी है और आप हमारे प्रभारी मंत्री हैं। हमने मेहनत करके इंदौर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दिलाया। मेरे संसदीय कार्यकाल में मैंने इसके विस्तार व उन्नयन के लिए काफी प्रयास किया, जिसके फलस्वरूप एटीएस टावर और नया टर्मिनल भवन निर्मित हुआ।
रनवे विस्तार के लिए नहीं दी जमीन
पूर्व स्पीकर सुमित्रा महाजन ने सीएम को लिखा कि मेरे अनुरोध पर ही एक अतिरिक्त रनवे, टैक्सी पथ व पार्किंग की योजना विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा बनाई गई और राज्य शासन से आवश्यक जमीन की मांग की गई है। पार्किंग के लिए 2019 में जमीन की स्वीकृति दी गई, परंतु रनवे विस्तार, समानांतर रनवे, टैक्सी पथ के लिए आवश्यक सर्वे होने के उपरांत भी अभी शासन की ओर से आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
एयरपोर्ट का विस्तार जरूरी
इंदौर की पूर्व सांसद महाजन ने कहा कि भविष्य की दृष्टि से इंदौर और उसके पास बढ़ रही औद्योगिक परियोजनाओं तथा बढ़ते यातायात के लिए एयरपोर्ट का विकास शीघ्र किए जाने की आवश्यकता है। आप से अनुरोध है कि विस्तार के लिए आवश्यक भूमि शीघ्र विमान पत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जाए, ताकि विस्तार कार्य जल्द पूर्ण हो सके।
