Indore News: अप्रैल से 24 घंटे खुलेगा इंदौर एयरपोर्ट, यात्रियों की संख्या में आएगा उछाल
Indore News: इंडिगो एयरलाइंस के क्रू संकट से उबरने के बाद जनवरी 2026 में इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों और उड़ानों की संख्या में तेजी आई है, वहीं अप्रैल से रनवे 24 घंटे शुरू होने और नए एग्जिट गेट के साथ एयरपोर्ट को बड़ी राहत मिलने वाली है।
विस्तार
इंडिगो एयरलाइंस के क्रू संकट के चलते दिसंबर 2025 में आई गिरावट के बाद जनवरी 2026 में इंदौर एयरपोर्ट ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार जनवरी माह में यात्रियों और उड़ानों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें
सांसद शंकर लालवानी पर अभद्र टिप्पणी, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर पर केस दर्ज
जनवरी में बढ़ी उड़ानें और यात्री
रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी 2026 में इंदौर एयरपोर्ट से कुल 2,882 उड़ानों का संचालन हुआ, जिनमें 3 लाख 97 हजार 98 यात्रियों ने यात्रा की। जबकि दिसंबर 2025 में 2,649 उड़ानों के जरिए करीब 3.68 लाख यात्रियों ने सफर किया था। इस तरह एक महीने में 233 अतिरिक्त उड़ानें और 28,638 यात्रियों की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अप्रैल से 24 घंटे खुलेगा रनवे
इंदौर एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने बताया कि वर्तमान में रनवे मरम्मत कार्य के चलते एयरपोर्ट रात में करीब 8 घंटे बंद रहता है। उन्होंने कहा कि मार्च के अंत तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अप्रैल से एयरपोर्ट 24 घंटे संचालित होगा, जिससे नई उड़ानों को मंजूरी मिलेगी और यात्री संख्या में बड़ा उछाल आएगा।
परीक्षा सीजन के बाद दिखेगा ट्रैफिक बूम
ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (TAFI) के प्रदेश अध्यक्ष अमूल कटारिया के अनुसार फरवरी और मार्च की शुरुआत में परीक्षाओं के कारण यात्री ट्रैफिक स्थिर रह सकता है। हालांकि मार्च के मध्य और अप्रैल में छुट्टियां शुरू होते ही यात्रियों की संख्या 5 लाख के पार जा सकती है। समर वेकेशन के लिए पर्यटकों ने अभी से बुकिंग शुरू कर दी है।
नया एग्जिट गेट तैयार
एयरपोर्ट पर पार्किंग और ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए बिजासन टेकरी की ओर नया एग्जिट गेट बनकर तैयार हो गया है। अभी प्रवेश और निकास के लिए एक ही मार्ग होने से पीक ऑवर्स में टर्मिनल के सामने वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। नए गेट के शुरू होने से वाहन सीधे बिजासन मंदिर रोड की ओर निकल सकेंगे।
दो टर्मिनल से होगा संचालन
नए साल में पुराने टर्मिनल को भी फिर से चालू किया जाएगा, जहां से एटीआर विमानों का संचालन होगा। इससे मुख्य टर्मिनल पर भीड़ कम होगी और यात्रियों को चेक-इन व सुरक्षा जांच में कम समय लगेगा। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार दो टर्मिनल संचालन से यात्रियों को अधिक सुव्यवस्थित और सुगम सुविधा मिलेगी।
रिकॉर्ड यात्री संख्या
जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच इंदौर एयरपोर्ट से कुल 43 लाख 96 हजार 611 यात्रियों ने हवाई यात्रा की। यह एयरपोर्ट के 88 वर्षों के इतिहास में पहली बार है जब यात्री संख्या 40 लाख के आंकड़े को पार कर गई। इसी अवधि में 32,558 उड़ानों का संचालन हुआ।

कमेंट
कमेंट X