Raja Murder Case: दामाद की हत्या पर पिता ने कहा था-हमारे लिए सोनम मर चुकी, अब उन्होंने कराई जमानत
11 महीने से शिलांग की जेल में बंद सोनम रघुवंशी मंगलवार देर शाम जमानत पर रिहा हो गई। सोनम की रिहाई के बाद अब राजा रघुवंशी का परिवार हाईकोर्ट में जमानत खारिज कराने की तैयारी में जुट गया है। हत्या के बाद सोनम के पिता ने ही उसकी जमानत दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजा रघुवंशी हत्याकांड में पिछले 11 महीनों से शिलांग की जेल में बंद सोनम रघुवंशी मंगलवार देर शाम रिहा हो गई। रिहाई के बाद वह अपने पिता के साथ शिलांग में ही है। गौरतलब है कि जब इस मामले में सोनम का नाम सामने आया था, तब उसके पिता देवी सिंह रघुवंशी ने कहा था कि “हमारे लिए सोनम मर चुकी है।” लेकिन अब वही पिता शिलांग जाकर 50 हजार रुपये के मुचलके पर उसकी जमानत कराकर उसे अपने साथ ले गए हैं। वहीं सोनम का भाई गोविंद इंदौर में ही है। इधर, राजा रघुवंशी का परिवार अब जमानत रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाने की तैयारी कर रहा है।
दो बार खारिज हो चुकी थी जमानत याचिका
सोनम रघुवंशी ने इससे पहले भी शिलांग कोर्ट में दो बार जमानत के लिए आवेदन किया था, जो खारिज हो गया था। उस समय विपिन के वकील ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि केस में ट्रायल शुरू हो चुका है और सोनम को जमानत मिलने पर वह गवाहों को प्रभावित कर सकती है। इसके बावजूद बाद में कोर्ट ने सशर्त जमानत दे दी। शिलांग पुलिस ने सोनम को हत्या और साजिश में शामिल आरोपी माना था। हालांकि गिरफ्तारी के समय गलत धाराएं लगाने और ट्रायल के दौरान गवाहों के बयान में देरी को आधार बनाते हुए उसे जमानत मिल गई।
ये भी पढ़ें: उज्जैन सम्राट विक्रम विश्वविद्यालय: किसने दीवारों पर लिखा तुम सब मरोगे! लाल कपड़े के पीछे का क्या है खेल ?
सोनम को मास्टरमाइंड मानने के कारण
सोनम को हमले का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। आरोप है कि उसने झरने के पास सीढ़ियों पर आरोपियों के साथ बैठक की और उन्हें 15 हजार रुपये दिए। इसके बाद बंद पार्किंग यार्ड में उसके कहने पर तीनों युवकों ने राजा पर हमला किया। राजा को खाई में फेंकने में भी सोनम ने मदद की। हमले से पहले उसके शरीर से चेन, अंगूठी और ब्रेसलेट भी निकलवाए गए थे। हत्या के बाद आरोपी करीब 11 किलोमीटर आगे जाकर सोनम से मिले थे।
प्रेमी राज की भूमिका भी संदिग्ध
मामले में सोनम के प्रेमी राज की भूमिका भी सामने आई है। वह शिलांग नहीं गया था, लेकिन साजिश में शामिल बताया जा रहा है। आरोप है कि सोनम और राजा की शादी से पहले ही उसने हत्या की योजना बना ली थी। उसने अपने दोस्त विशाल को तैयार किया और फिर अन्य आरोपियों को साथ जोड़ा। सोनम की लोकेशन भी राज ही आरोपियों तक पहुंचाता था। हत्या के बाद उसने आरोपियों से मुलाकात की। वहीं, जब सोनम इंदौर आई तो उसे रोकने के लिए फ्लैट किराए पर लेने की भी बात सामने आई है।
राजा की मां का बयान
राजा रघुवंशी की मां उमा ने कहा कि सोनम को जमानत मिलना पुलिस की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा कि सोनम को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके बेटे का क्या कसूर था, जिसे इस तरह मार दिया गया। उमा ने कहा कि अगर सोनम इंदौर आएगी तो वह उससे इस बारे में जरूर पूछेंगी।

कमेंट
कमेंट X