Jabalpur News: मेडिकल लीव के बदले तीन हजार रुपये की रिश्वत लेना पड़ा भारी, निगम का लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार
जबलपुर नगर निगम में पदस्थ एक लिपिक को मेडिकल लीव स्वीकृत करने के एवज में 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी सफाई कर्मी को लंबे समय से परेशान कर रहा था।
विस्तार
जबलपुर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने नगर निगम के स्थापना विभाग में पदस्थ एक लिपिक को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी लिपिक सफाई कर्मी की मेडिकल लीव स्वीकृत करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
ईओडब्ल्यू जबलपुर के डीएसपी मनजीत सिंह के अनुसार, नगर निगम में पदस्थ सफाई कर्मी पी. रामाराव स्वास्थ्य संबंधी कारणों से 19 जनवरी से अवकाश पर थे। उन्होंने मेडिकल लीव स्वीकृति के लिए स्थापना शाखा में आवेदन किया था। आरोप है कि शाखा में पदस्थ लिपिक राकेश शर्मा ने अवकाश स्वीकृत करने के बदले तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
ईओडब्ल्यू कार्यालय में दर्ज थी शिकायत
रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित कर्मचारी ने ईओडब्ल्यू कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद ईओडब्ल्यू ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर नगर निगम कार्यालय भेजा।
ये भी पढ़ें- Indore News: डिजिटल अरेस्ट का शिकार हुए बुजुर्ग दंपती, गंवा दिए 1.15 करोड़ रुपये
जैसे ही आरोपी लिपिक ने कार्यालय परिसर के बाहर शिकायतकर्ता से राशि ली, ईओडब्ल्यू टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम जब्त कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7ए के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम कार्यालय में हड़कंप की स्थिति रही।

कमेंट
कमेंट X