मंडला में दोस्त ही बना दुश्मन: मैदान में पत्थर से वार कर युवक की हत्या, 48 घंटे में खुलासा; आरोपी हुआ गिरफ्तार
मंडला के महाराजपुर में युवक प्रभु मरावी की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया। आरोपी शिवम मरावी ने शराब के दौरान हुए विवाद में पत्थर से वार कर हत्या की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार व सबूत बरामद किए और न्यायालय में पेश किया।
विस्तार
मंडला जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में खेल मैदान में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला अब हत्या का निकला है, जिसमें एक दोस्त ने ही अपने साथी की जान ले ली।
पुलिस के अनुसार, ग्राम ऊपरटोला केहरपुर निवासी 35 वर्षीय प्रभु मरावी की संदिग्ध मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। घटनास्थल पर शव के चेहरे, गर्दन और सिर पर चोट के निशान पाए गए थे, वहीं कुछ दूरी पर चप्पल भी बरामद हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में टीम ने साक्ष्य जुटाए और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी शिवम मरावी के बीच पहले से विवाद था और आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पढ़ें: फिल्मी अंदाज में किडनैपिंग की कोशिश, मुंह में कपड़ा ठूंसकर युवक को उठाया; पुलिस को देख छोड़कर फरार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक की मौत सिर में गंभीर चोट और छाती पर ब्लंट ट्रॉमा के कारण हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपी शिवम मरावी (30 वर्ष) ने बताया कि वह और मृतक पहले गांव में साथ बैठकर शराब पी रहे थे, जहां विवाद हुआ। इसके बाद दोनों महाराजपुर लौटे, जहां रात में फिर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने मैदान में पड़े सीमेंट के पत्थर से मृतक के सिर, सीना और पेट पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल पत्थर को झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया। साथ ही खून से सने कपड़े भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

कमेंट
कमेंट X