मुरैना में गैस संकट पर बवाल: सिलिंडर नहीं मिला तो सड़क पर उतर गए लोग, हजारों की भीड़ ने कर दिया सड़क जाम
मुरैना के सबलगढ़ में गैस सिलिंडर की किल्लत से नाराज उपभोक्ताओं ने NH-552 जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। सप्लाई कम होने से अफरातफरी का माहौल बन गया।
विस्तार
मुरैना जिले के सबलगढ़ में गैस सिलिंडर की किल्लत ने शुक्रवार को उग्र रूप ले लिया। गुस्साए उपभोक्ताओं ने नेशनल हाईवे 552 पर चक्का जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि वेदमती इंडियन गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली से नाराज लोग घंटों लाइन में लगने के बावजूद सिलिंडर नहीं मिलने से आक्रोशित हो गए। स्थिति बिगड़ने पर उपभोक्ता सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान NH-552 पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर गैस वितरण में लापरवाही और पारदर्शिता की कमी के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि समय पर सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जबकि कई लोगों को बुकिंग के बावजूद गैस नहीं मिली। गौरतलब है कि संबंधित गैस एजेंसी भाजपा की वरिष्ठ नेता और वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष बसंत बंसल से जुड़ी बताई जा रही है, जिससे मामला और भी चर्चा में आ गया है।
पढ़ें: भोपाल में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन इमारत का छज्जा ढहा, 8 घायल, एम्स के सामने अफरा-तफरी
इस बीच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। जिले में एलपीजी गैस का स्टॉक खत्म होने के कारण गैस गोदामों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। अंबाह स्थित अपूर्वा गैस एजेंसी गोदाम पर गुरुवार को 1000 से अधिक लोग इकट्ठा हो गए, जबकि केवल 380 सिलिंडर ही उपलब्ध थे। इससे कई उपभोक्ताओं को निराश लौटना पड़ा।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब सुबह से इंतजार कर रहे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और सिलेंडर लूटने की कोशिश की। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी संचालक को पुलिस बुलानी पड़ी। उपभोक्ताओं ने गैस वितरण में पारदर्शिता की कमी और अधिक कीमत वसूले जाने के आरोप लगाए हैं, जबकि एजेंसी का कहना है कि उन्हें पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और उपभोक्ता जल्द से जल्द गैस आपूर्ति सुचारू करने की मांग कर रहे हैं।

कमेंट
कमेंट X