MP: तोप चलाते हुए आपत्तिजनक नारे लगाना पड़ा भारी, चार आरोपी किए गए गिरफ्तार; पुलिस ने की लोगों से ये अपील
सोशल मीडिया पर रायसेन किले से तोप चलाते हुए आपत्तिजनक नारे लगाने का वीडियो वायरल होने के मामले में रायसेन पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वीडियो सामने आने के बाद धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
विस्तार
मध्य प्रदेश के रायसेन किले में तोप के पास खड़े होकर आपत्तिजनक नारे लगाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वीडियो वायरल होने के बाद शहर में धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत सामने आई थी।
जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे एक फरियादी ने थाना कोतवाली रायसेन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि इंस्टाग्राम पर एक रील वायरल हो रही है, जिसमें रायसेन निवासी शादाब कुरैशी और उसके कुछ साथी रायसेन किले के परिसर में मौजूद तोप के पास खड़े होकर उसे चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में आरोपियों द्वारा धर्म विरोधी और आपत्तिजनक नारे लगाए जा रहे थे, जिससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
फरियादी ने शिकायत में यह भी कहा कि इस तरह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शहर का सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है और इससे तनावपूर्ण स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली रायसेन पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर लिया।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जानें कौन हैं आरोपी?
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शादाब कुरैशी पिता शाहीर कुरैशी निवासी कसाई मोहल्ला रायसेन, युसूफ शेख पिता महफूज शेख निवासी चटाईपुरा भोपाल, वसीम मोहम्मद पिता इब्राहिम खान निवासी ऐशबाग भोपाल और पप्पू उर्फ सलमान कुरैशी पिता सलीम कुरैशी निवासी तलैया भोपाल शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- Live Indore Rang Panchami 2026 live: गेर से पहले पोहे-कचोरी की दुकानों पर उमड़ी भीड़, दोपहर में पहुंचेगी राजवाड़ा
'सख्त कार्रवाई की जाएगी'
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार भारत माडरे ने बताया कि संबंधित वीडियो थाना प्रभारी रायसेन को भेज दिया गया है और मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें और ऐसा कोई भी वीडियो या पोस्ट साझा न करें, जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों या सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। वहीं जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।

कमेंट
कमेंट X