{"_id":"6a83211646d696df360b296e","slug":"the-seventh-accused-in-the-multi-crore-robbery-of-a-bullion-trader-has-also-been-remanded-to-police-custody-until-the-20th-ratlam-news-c-1-1-noi1428-4621675-2026-08-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"सराफा व्यापारी से करोड़ों की लूट: सातवां आरोपी भी 20 तक पुलिस रिमांड पर, आठवें में इंदौर में की जा रही तलाश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सराफा व्यापारी से करोड़ों की लूट: सातवां आरोपी भी 20 तक पुलिस रिमांड पर, आठवें में इंदौर में की जा रही तलाश
Mon, 17 Aug 2026 09:40 PM IST
रतलाम ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम
Published by: रतलाम ब्यूरो
Updated Mon, 17 Aug 2026 09:40 PM IST
सार
रतलाम में सराफा व्यापारी से करीब 7.5 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.41 करोड़ रुपये के जेवर बरामद किए हैं। वारदात की साजिश व्यापारी के पूर्व कर्मचारी ने साथियों के साथ मिलकर रची थी। आठवें आरोपी की तलाश जारी है।
विज्ञापन
पुलिस गिरफ्त में नकाब पहने आरोपी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र के रेन-मऊ फंटे पर सराफा व्यापारी से करीब साढ़े सात करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटने के मामले में पुलिस ने अब तक आठ में से सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब पांच करोड़ 41 लाख रुपये के जेवर जब्त किए जा चुके हैं। आठवां आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। उसकी तलाश में इंदौर टीम भेजी गई है, टीम वहां उसकी तलाश कर रही है।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि रतलाम के सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया आसपास के क्षेत्रों में जाकर सोने-चांदी के जेवर अन्य व्यापारियों को बेचने का काम करते हैं। वे इसी सिलसिले में 13 अगस्त 2026 को उज्जैन जिले के बड़नगर गए थे और वहां दस दुकानदारों को करीब 145 ग्राम सोने के जेवर बेचे थे। शेष बचे करीब पांच किलो सोने के जेवर व चांदी के कुछ जेवर बैग में लेकर वे बड़नगर से बस में सवार होकर रतलाम लौट रहे थे। बड़नगर से बस में कुछ बदमाश भी सवार हुए थे। रास्ते में रात करीब सवा नौ बजे एक बदमाश ने महू-नीमच हाईवे पर बिलपांक थाना क्षेत्र में रेन-मऊ फंटे पर बस रुकवाई थी तथा दो बदमाशों ने जेवरों से भरा बैग व्यापारी से छीन लिया था। विरोध करने पर वे व्यापारी के साथ मारपीट कर मौके पर बाइक से पहुंचे अन्य साथियों के साथ भाग निकले थे। व्यापारी ने पास में स्थिति धराड़ पुलिस चौकी पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी थी। तभी से पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- हैवानियत की हद पार: पांच लोगों ने की किशोर की हत्या, एक करोड़ 20 लाख में प्राइवेट पार्ट बेचने की रची साजिश
विज्ञापन
बदमाशों की तलाश के लिए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में 92 पुलिस अधिकारियों व जवानों की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने बड़नगर से लेकर धराड़ तक के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए, संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात को व्यापारी के पूर्व कर्मचारी आरोपी रोहित नायक व उसके साथियों ने मिलकर अंजाम दिया है और वे इंदौर जिले के हरसोला की तरफ भागे हैं। टीम ने हरसोला पहुंचकर दबिश दी लेकिन वहां आरोपी नहीं मिले। आरोपियों की खोजबीन करने के दौरान रविवार व सोमवार की दरमियानी रात पुलिस को पता चला कि आरोपी झाबुआ जिले की बार्डर से लगे हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचे हैं। दो टीमों ने वहां पहुंचकर घेराबंदी कर छह आरोपियों राहुल गुर्जर व अभिजीत उर्फ अभय गुर्जर दोनों निवासी ग्राम ऊनी (बिलपांक), यशवंत गुर्जर निवासी मंदसौर, राहुल उर्फ वीर गुर्जर निवासी दीनदयाल नगर रतलाम, रवि उर्फ बबला गुर्जर निवासी ग्राम जमुनिया (बिलपांक) और मोहम्मद उमर उर्फ पप्पू निवासी आनंद कॉलोनी रतलाम को गिरफ्तार कर लिया था। पकड़े गए आरोपियों के पास से 5 करोड़ 32 लाख रुपये कीमत के 4 किलो 167 ग्राम सोने के जेवर और नौ लाख रुपये के 4 किलो 67 ग्राम वजनी चांदी के जेवर बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात व्यापारी के पूर्व कर्मचारी मुख्य आरोपी रोहित नायक निवासी रामरहीम नगर व गौरव गुर्जर निवासी ग्राम हरसौला जिला इंदौर के साथ मिलकर की थी। उक्त छह आरोपियों को 16 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय ने छह ही आरोपियों को 20 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए। इसके बाद सातवें आरोपी रोहित नायक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसे 17 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, न्यायालय ने रोहित को भी 20 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए हैं।
चाय वाले के साथ मिलकर रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रोहित नायक व्यापारी की रतलाम के सराफा बाजार में गणेश मार्केट स्थित दुकान पर काम करता था। उसे पता था कि व्यापारी जेवर बेचने बाहर आता-जाता रहता है। एक माह पहले उसने सराफा बाजार में चाय की दुकान लगाने वाले आरोपी अभिजीत उर्फ अभय गुर्जर को बताया था कि अर्पित जेवर बेचने बाहर जाता है, उसे लूट सकते हैं। इसके बाद बाद रोहित नायक व अभिजीत ने अन्य साथियों से चर्चा कर व्यापारी को लूटने की साजिश रची। साजिश के तहत आरोपी रैकी करने लगे और घटना वाले दिन बड़नगर से पीछा कर रेन-मऊ फंटे पर वारदात को अंजाम देकर भाग गए थे। बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि पकड़े गए सातों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे घटना के बारे में बारिकी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी गौरव गुर्जर के इंदौर में छिपे होने की जानकारी मिली है। उसकी तलाश में एक टीम इंदौर भेजी गई है, जहां टीम उसकी तलाश कर रही है।
मुख्यमंत्री व डीजीपी ने दी बधाई, व्यापारियों ने किया सम्मान
बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का दो दिन में पदार्फास कर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवर बरामद करने पर सराफा व्यापारियों ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर उज्जैन झोन के आईजी राकेश गुप्ता व अन्य अधिकारियों का सम्मान किया। इस अवसर पर रतलाम रेंज के डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार लाल व राकेश पंद्रो, रतलाम ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान, बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव व डीजीपी कैलाश मकवाना ने भी टीम को बधाई दी है।
