Sagar News: एमपी-यूपी बॉर्डर पर ट्रक से भिड़ी इंदौर-ललितपुर बस, 10 से ज्यादा यात्री घायल, तीन गंभीर
मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर पीरघाट पुल पर इंदौर से ललितपुर जा रही स्लीपर बस की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हुए, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है।
मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर पीरघाट पुल पर इंदौर से ललितपुर जा रही स्लीपर बस की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हुए, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित पीरघाट पुल पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां इंदौर से ललितपुर जा रही एक निजी ट्रेवल्स की स्लीपर बस और ट्रक में आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अंबे ट्रेवल्स की बस इंदौर से सवारियां लेकर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जा रही थी। जैसे ही बस पीरघाट पुल पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भानगढ़ थाने की डायल 112 टीम के प्रधान आरक्षक खलक सिंह और पायलट राजधर प्रजापति मौके पर पहुंचे। उन्होंने खिमलासा पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत बीना सिविल अस्पताल भिजवाया।
ये भी पढ़ें-एमपी के सीहोर में दर्दनाक हादसा: ट्रक और बुलेरो की बीच हुई भीषण टक्कर, पांच की मौत; मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे में गंभीर रूप से घायल ललितपुर निवासी गुड्डी (65) और हरिराम प्रजापति (50) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सागर रेफर किया गया है। वहीं, ललितपुर की ही रहने वाली उमा तिवारी (50) को बीना सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा अन्य घायल यात्री अपने स्तर पर निजी वाहनों से इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में रवाना हो गए।
अस्पताल में भर्ती घायल उमा तिवारी ने बताया कि वे बस में सो रही थीं और अचानक नीचे गिरने पर उन्हें हादसे का पता चला। वहीं घायल हरिराम के भतीजे रामगोपाल ने बताया कि रात करीब 3 बजे तक वे ड्राइवर के साथ बैठकर भजन सुन रहे थे, जिसके बाद ड्राइवर के कहने पर वे अपनी सीट पर सोने चले गए और कुछ ही देर बाद यह जोरदार टक्कर हो गई।
पुल पर दोनों वाहनों की भिड़ंत के बाद रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था, जिससे दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। इसके बाद मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमाई पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार को माना जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

हादसे के बाद वाहन
